मंत्री मनोज पांडेय का राहुल-अखिलेश पर हमला:कहा- जरूरत के हिसाब से शब्दों के अर्थ बदलते हैं; SIR मामले पर सबूत दें
सीतापुर में अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लेने प्रभारी मंत्री मनोज पांडेय पहुंचे। रविवार देर शाम करीब 8:30 बजे उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। SIR पर राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर मनोज पांडेय ने कहा- आरोप लगाने वालों को अपने तथ्य और सबूत चुनाव आयोग के सामने रखने चाहिए। वहीं उन्होंने बारिश से हुए नुकसान की जानकारी दी। कहा- जिले में 7 लोगों की मौत और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। SIR को लेकर राहुल गांधी पर निशाना मनोज पांडेय ने राहुल गांधी के SIR को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि राहुल गांधी यह स्पष्ट करें कि क्या वह बांग्लादेशियों को मतदाता बनाना चाहते हैं और देश के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग कोई नई संस्था नहीं है और कांग्रेस के शासनकाल में भी आयोग काम करता रहा है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी या विपक्ष चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है तो उसे अपने आरोपों के तथ्य और सबूत आयोग के सामने रखने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आरोप साबित नहीं होते हैं तो राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। PDA को लेकर अखिलेश यादव पर भी बोले मनोज पांडेय ने अखिलेश यादव के PDA को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपनी सुविधा के अनुसार शब्दों के अर्थ बदलते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव के पुराने बयानों का हवाला देते हुए सनातन और हिंदू देवी-देवताओं को लेकर टिप्पणियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनता सब समझ रही है और 2027 में इसका जवाब देगी। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी पहले से जारी है। बारिश से 7 लोगों की मौत की जानकारी दी प्रभारी मंत्री ने जिले में अतिवृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में बारिश के चलते 7 लोगों की मौत हुई है। मृतकों के परिजनों को प्रशासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। राज्य स्तर की ताजा रिपोर्ट में भी सीतापुर में 7 मौतें दर्ज होने की जानकारी दी गई है। 16 पशुओं की हानि, घायलों को भी सहायता मनोज पांडेय के मुताबिक बारिश में 16 पशुओं की हानि हुई है। इसके लिए करीब 7 लाख रुपये की सहायता दी गई है। वहीं तीन घायलों को 6,500-6,500 रुपये की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई है। फसल नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश प्रभारी मंत्री ने बारिश से खराब हुई फसलों का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सर्वे के बाद नुकसान का आकलन किया जाए और प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए। राज्य सरकार के अनुसार फसलों के नुकसान का आकलन अभी जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)