पांचवें श्री हनुमान कप हॉकी टूर्नामेंट का आगाज:आठ टीमें खिताब के लिए खेलेंगी; विजेता को 50 हजार और उपविजेता को 30 हजार रुपए, मुकाबले 28 नवंबर तक
लखनऊ के पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम में मंगलवार को पांचवें श्री हनुमान कप-2026 राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश की आठ टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। वीर शिवाजी हॉकी अकादमी की ओर से आयोजित यह टूर्नामेंट 28 नवंबर तक चलेगा। सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। यह इनामी प्रतियोगिता है। इसमें विजेता टीम को 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। देखिए 2 तस्वीरें… खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने कहा कि समय के साथ समाज के हर वर्ग में खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है। ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देते हैं। खिलाड़ियों ने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है। उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में बढ़ती रुचि से भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। जीत-हार से ऊपर है खेल भावना भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना हमेशा बनी रहनी चाहिए। खेल जाति, वर्ग, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर लोगों को जोड़ते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजनकर्ता गौरव अवस्थी की सराहना की। कहा कि एक प्रतियोगिता खत्म होते ही वे अगले साल के आयोजन की तैयारी में जुट जाते हैं। यह खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता दिखाता है। खिलाड़ियों को मिलने चाहिए प्रतिस्पर्धा के अवसर निदेशक खेल उत्तर प्रदेश डॉ. आरपी सिंह ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं जरूरी हैं। खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए नियमित रूप से मुकाबलों के अवसर मिलने चाहिए। इससे उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। आठ टीमों के बीच होंगे नॉकआउट मुकाबले वीर शिवाजी हॉकी अकादमी के अध्यक्ष गौरव अवस्थी ने बताया कि प्रतियोगिता में साई लखनऊ, लखनऊ हॉस्टल, झांसी हॉस्टल, बनारस हॉस्टल, रामपुर हॉस्टल, सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज, गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज और एम्पायर स्पोर्ट्स अकादमी प्रयागराज की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)