हाथरस नगर पालिका अध्यक्ष ने शासन को जवाब भेजा:डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की निविदा में अनियमितता के आरोपों को बताया निराधार
हाथरस नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने शासन की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब भेज दिया है। शासन ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की निविदा प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप लगाते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। नोटिस में तकनीकी मूल्यांकन किए बिना वित्तीय मूल्यांकन के लिए तुलनात्मक चार्ट तैयार करने और एल-1 फर्म का चयन करने पर सवाल उठाए गए थे। शासन के मुताबिक, नगर पालिका ने वित्तीय नियमों का पालन नहीं किया। नोटिस में कहा गया था कि निविदा प्रक्रिया में शामिल तीनों फर्म तकनीकी मूल्यांकन में अयोग्य थीं। इसके बावजूद पर्याप्त दस्तावेज न होने पर भी उन्हें वित्तीय मूल्यांकन के लिए सफल घोषित कर दिया गया। 22.45 लाख के भुगतान पर भी उठे सवाल डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम मैसर्स ब्लैक इंफ्राटेक, थूलगढ़ी, कुरसंडा (सादाबाद) को दिया गया था। फर्म के बिलों के भुगतान के बदले नगर पालिका परिषद ने 22,45,810 रुपये जारी किए थे। शासन ने इस भुगतान को भी वित्तीय अनियमितता मानते हुए पालिकाध्यक्ष से जवाब मांगा था। पालिकाध्यक्ष बोलीं- अधिकारियों की सिफारिश पर दी मंजूरी श्वेता चौधरी ने शासन को भेजे जवाब में सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष जनता द्वारा चुना गया जनप्रतिनिधि होता है, जबकि नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और अधिशासी अधिकारी वित्तीय नियमों और शासनादेशों की जानकारी रखते हैं। अधिकारियों की सिफारिश के बाद नगर पालिका अधिनियम-1916 के तहत अध्यक्ष अंतिम मंजूरी देते हैं। उन्होंने जवाब में यह भी कहा कि जिलाधिकारी स्तर पर गठित जांच समिति ने 26 नवंबर 2024 को जांच की थी। उस जांच में उनके स्तर से किसी अनियमितता का उल्लेख नहीं किया गया है। श्वेता चौधरी के मुताबिक, अधिशासी अधिकारी ने संबंधित मामले में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनका नाम भी दोषियों की सूची में गलत तरीके से शामिल कर भेज दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में कहीं भी दोषी नहीं हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)