पीलीभीत में 5 हजार की रिश्वत लेते वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार:लोन दिलाने के एवज में मांगी रिश्वत, बरेली की टीम ने पकड़ा रंगे हाथ
पीलीभीत में भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने मंगलवार को जिला उद्योग केंद्र के वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। यह रिश्वत मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत वाटर प्लांट लोन स्वीकृत कराने के एवज में मांगी गई थी। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के बहादुरपुर हुक्मी गांव के सुरेंद्र कुमार ने संगठन से शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि वाटर प्लांट लोन स्वीकृत कराने के लिए उनसे 5 हजार रुपए मांगे जा रहे थे। शिकायत के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार दोपहर करीब 12:20 बजे ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में जिला उद्योग केंद्र पहुंची। वहां हिमांशु कुमार को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद की। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में पीलीभीत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)