प्रयागराज में RPNLUP के कुलसचिव के अधिकार बहाल:शासन ने कुलपति का 2 नवंबर का आदेश विधि विरुद्ध माना, कामकाज में दखल न देने के निर्देश
प्रयागराज के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (RPNLUP) के कुलसचिव वरुण कुमार पाण्डेय के प्रशासनिक और कार्यकारी अधिकार बहाल कर दिए गए हैं। शासन ने कुलपति डॉ. ऊषा टंडन के 2 नवंबर 2026 के उस आदेश को विधि विरुद्ध बताया है, जिसके जरिए कुलसचिव की शक्तियां सीज कर दी गई थीं। शासन के न्याय अनुभाग-2 से जारी आदेश में कुलपति को निर्देश दिया गया है कि वे कुलसचिव के पदीय दायित्वों के निर्वहन में किसी तरह की बाधा या हस्तक्षेप न करें। यह फैसला विश्वविद्यालय में कुलपति और कुलसचिव के बीच चल रहे विवाद के बीच आया है। 2 नवंबर के आदेश से बनी थीं दो व्यवस्थाएं विश्वविद्यालय में 12 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती में अनियमितताओं के आरोपों के बाद कुलपति और कुलसचिव के बीच तनातनी चल रही है। इसी बीच 2 नवंबर को कुलपति ने आदेश जारी कर वरुण कुमार पाण्डेय की प्रशासनिक और कार्यकारी शक्तियां सीज कर दी थीं। साथ ही प्रभारी कुलसचिव की जिम्मेदारी डॉ. सुचित कुमार यादव को सौंप दी थी। इसके बाद विश्वविद्यालय में दो समानांतर व्यवस्थाएं बन गई थीं। वेतन भुगतान, जीएसएफ, टीडीएस और एनपीएस जैसी वैधानिक कटौतियों के साथ आपूर्तिकर्ताओं के भुगतान और परीक्षा संबंधी फाइलों के निस्तारण में गतिरोध पैदा हो गया था। वित्त नियंत्रक ने शासन से मांगा था मार्गदर्शन कामकाज में आ रही दिक्कतों को देखते हुए वित्त नियंत्रक सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी ने 18 नवंबर को शासन को पत्र भेजकर वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों के संबंध में मार्गदर्शन मांगा था। इसी पत्र के आधार पर शासन ने मामले की जांच कर अपना आदेश जारी किया। कुलपति को अधिकार सीज करने का अधिकार नहीं नियुक्ति एवं वित्त विभाग के अनु सचिव विजय कुमार सिंह यादव की ओर से जारी आदेश में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय अधिनियम, 2020 की धारा 12 का हवाला दिया गया है। आदेश के मुताबिक, कुलसचिव की नियुक्ति राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों में से की गई है। वह पूर्णकालिक अधिकारी हैं। ऐसे में उनके पद पर कार्यरत रहते कुलपति या कार्यपरिषद को उनके अधिकार समाप्त करने अथवा किसी दूसरे अधिकारी को प्रभार सौंपने का अधिकार नहीं है। शासन ने यह भी स्पष्ट किया कि वरुण कुमार पाण्डेय की तैनाती से संबंधित आदेश प्रभावी है। उनके स्थानांतरण, प्रत्यावर्तन, संबद्धीकरण या निलंबन का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। ऐसे में 2 नवंबर को जारी कुलपति का आदेश प्रारंभ से ही शून्य और प्रभावहीन है। प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज में बाधा न डालने के निर्देश शासन ने कुलपति डॉ. ऊषा टंडन को निर्देश दिया है कि कुलसचिव वरुण कुमार पाण्डेय को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने दिया जाए। उनके काम में किसी तरह का हस्तक्षेप या बाधा न डाली जाए। आदेश में कहा गया है कि विश्वविद्यालय का प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज नियमों के अनुसार सुचारू रूप से चलना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)