पश्चिमी यूपी में कांग्रेस निकालेगी किसान अधिकार यात्रा:2 अक्टूबर को मीरापुर से शुरूआत,5 अक्टूबर को पहुंचेगी मेरठ
किसानों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पश्चिमी जोन में ‘किसान अधिकार यात्रा’ निकालेगी। यह यात्रा 2 अक्टूबर 2026 से 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। यात्रा की शुरुआत मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर से होगी और 7 अक्टूबर को गौतमबुद्धनगर के जेवर में इसका समापन होगा।
गन्ना मूल्य, बकाया भुगतान, खाद की किल्लत होंगे मुद्दे मेरठ में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान, खाद की किल्लत समेत किसानों से जुड़े कई मुद्दों पर भाजपा सरकार ने किसानों को भरोसा दिया, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस किसानों के बीच पहुंच रही है और किसान अधिकार यात्रा किसानों की लड़ाई को मजबूती से उठाने के लिए निकाली जा रही है।
किसान बेल्ट में खुद को मजबूत करने की तैयारी
कांग्रेस की इस यात्रा का उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश की किसान बेल्ट में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का स्टैंड सीधे किसानों तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता किसानों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को भी सुनेंगे।
राजेंद्र पाल से लेकर इमरान मसूद गांव-गांव जाएंगे
2 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर के मीरापुर से एआईसीसी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी सचिव संजीव आर्य, सांसद इमरान मसूद, अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला एवं वरिष्ठ नेता रोहित जाखड़ संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किसान अधिकार यात्रा को रवाना करेंगे। यात्रा के विभिन्न चरणों में राजेंद्र पाल गौतम, अजय राय, संजीव आर्य, इमरान मसूद, अखिलेश शुक्ला, रोहित जाखड़, मनोज चौधरी और राज बब्बर सहित कांग्रेस के नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग जिलों में नेताओं की भागीदारी रहेगी।
इस प्रकार होगा शेड्यूल 2 अक्टूबर को मीरापुर (मुजफ्फरनगर), 3 अक्टूबर को थाना भवन (शामली), 4 अक्टूबर को छपरौली (बागपत), 5 अक्टूबर को सिवालखास एवं मेरठ दक्षिण (मेरठ), 6 अक्टूबर को लोनी (गाजियाबाद) और 7 अक्टूबर को जेवर (गौतमबुद्धनगर) में किसान अधिकार यात्रा के कार्यक्रम होंगे।
मेरठ के सिवालखास में होने वाली किसान यात्रा में सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद, ब्रजलाल खाबरी, अखिलेश शुक्ला, रोहित जाखड़ और मनोज चौधरी संबोधित करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)