मकान खरीदने के बाद नहीं चुकाए 39.50 लाख रुपए:लखनऊ में बकाया मांगने पर कारोबारी को दी धमकी, 4 लोगों पर केस
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में मकान खरीदने के बाद 39.50 लाख रुपए का भुगतान नहीं करने का मामला सामने आया है। प्रॉपर्टी कारोबारी ने प्रयागराज के एक परिवार के चार लोगों पर रकम हड़पने और बकाया मांगने पर गाली-गलौज कर धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने 28 नवंबर को चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो मकानों की खरीद में हुआ लेनदेन राजाजीपुरम निवासी अजय कुमार सिन्हा जमीन और मकान की खरीद-फरोख्त करते हैं। उनके मुताबिक, प्रयागराज निवासी सौरभ चतुर्वेदी, उनके पिता पशुपतिनाथ चतुर्वेदी और मां उर्मिला चतुर्वेदी ने लखनऊ स्थित उनके कार्यालय में संपर्क किया था। अजय के अनुसार, 9 अक्टूबर 2024 को नरपतखेड़ा में ललेश्वर मंदिर के पास 1200 वर्गगज में बने मकान की रजिस्ट्री पशुपतिनाथ चतुर्वेदी के नाम हुई थी। मकान में सिविल वर्क और डेकोरेशन पर करीब 22 लाख रुपए खर्च किए गए। इसके अलावा, 21 जनवरी 2025 को सौरभ चतुर्वेदी ने अपनी पत्नी ऋतु चतुर्वेदी के नाम सरोजनीनगर में दूसरा मकान खरीदा। अजय का दावा है कि इसकी रजिस्ट्री और स्टांप शुल्क पर उन्होंने 5.29 लाख रुपए खर्च किए थे। तीन चेक दिए, खाते में नहीं मिले रुपए अजय के मुताबिक, आरोपियों ने कुछ समय बाद रकम लौटाने का भरोसा दिया था। इसके बाद सौरभ ने 30 लाख, 3 लाख और 6.50 लाख रुपए के तीन चेक दिए। इनकी कुल रकम 39.50 लाख रुपए थी। बैंक में चेक लगाने पर खाते में पर्याप्त रकम नहीं मिली और भुगतान नहीं हो सका। अजय का आरोप है कि आरोपियों ने प्रयागराज स्थित अपना मकान बिकने के बाद पूरी रकम लौटाने की बात कही थी। बाद में उन्हें पता चला कि वह मकान पहले ही बेचा जा चुका था। बकाया मांगने पर गाली-गलौज का आरोप अजय के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को उन्होंने बकाया रकम मांगी तो सौरभ, ऋतु, पशुपतिनाथ और उर्मिला ने गाली-गलौज की और धमकी दी। आरोप है कि चारों ने रुपए देने और मकान खाली करने से भी इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर पारा पुलिस ने 28 नवंबर को चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)