पुरानी पेंशन समेत कई मांगों पर पेंशनर करेंगे देशव्यापी आंदोलन:29 सितंबर को प्रयागराज में धरना-प्रदर्शन के बाद रैली, PM-CM को सौंपेंगे ज्ञापन

Sep 27, 2026 - 18:21
0
पुरानी पेंशन समेत कई मांगों पर पेंशनर करेंगे देशव्यापी आंदोलन:29 सितंबर को प्रयागराज में धरना-प्रदर्शन के बाद रैली, PM-CM को सौंपेंगे ज्ञापन
8वें केंद्रीय वेतन आयोग में पुराने पेंशनरों को स्पष्ट रूप से शामिल करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर पेंशनर 29 सितंबर को एक दिन का देशव्यापी आंदोलन करेंगे। इसी क्रम में प्रयागराज में केंद्र और राज्य सरकार के पेंशनर संगठन सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल पर जुटेंगे। यहां सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद पेंशनर रैली निकालकर पुलिस हेड क्वार्टर पहुंचेंगे और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। यह आंदोलन नेशनल कोआर्डिनेशन कमेटी ऑफ पेंशनर्स एसोसिएशन और अखिल भारतीय राज्य पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर किया जा रहा है। एजी यूपी पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन समेत विभिन्न पेंशनर संगठनों ने आंदोलन में बड़ी संख्या में पेंशनरों के शामिल होने की बात कही है। 8वें वेतन आयोग में पुराने पेंशनरों को शामिल करने की मांग पेंशनर संगठनों का कहना है कि 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (टीओआर) में पेंशन और पारिवारिक पेंशन की समीक्षा का उल्लेख है, लेकिन पहले से सेवानिवृत्त हो चुके पेंशनरों की पेंशन में संशोधन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। संगठन चाहते हैं कि टीओआर में पुराने और पारिवारिक पेंशनरों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए और पेंशन में समानता यानी पैरिटी का प्रावधान सुनिश्चित हो। संगठनों का कहना है कि पिछले वेतन आयोगों में पुराने पेंशनरों के हितों को लेकर स्पष्ट प्रावधान किए गए थे। इसी आधार पर वे 8वें वेतन आयोग में भी पुराने पेंशनरों के लिए स्पष्ट व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। OPS बहाली समेत कई मांगें पेंशनर संगठनों की प्रमुख मांगों में NPS और UPS की जगह पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करना शामिल है। उनका कहना है कि कर्मचारियों को अंतिम वेतन के 50 प्रतिशत के बराबर न्यूनतम पेंशन की गारंटी मिलनी चाहिए। इसके अलावा महंगाई राहत/महंगाई भत्ते के 50 प्रतिशत हिस्से को मूल पेंशन या वेतन में मर्ज करने, पेंशन की कम्यूटेड राशि की वसूली की अवधि 15 वर्ष से घटाकर 11 वर्ष करने और हर पांच वर्ष में पेंशन में पांच प्रतिशत वृद्धि करने की मांग है। पेंशनरों ने पेंशन को आयकर से मुक्त करने, पेंशनरों के लिए अलग मूल्य सूचकांक बनाने, रेल किराये में छूट देने और बीएसएनएल पेंशनरों के पेंशन संशोधन को मंजूरी देने की मांग भी उठाई है। पुलिस हेड क्वार्टर तक जाएगी रैली प्रयागराज में 29 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम के तहत पेंशनर पहले सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद सभी पेंशनर रैली के रूप में पुलिस हेड क्वार्टर की ओर जाएंगे। वहां प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया जाएगा। पेंशनर संगठनों का कहना है कि 29 सितंबर का आंदोलन देशभर में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। प्रयागराज में भी इसे लेकर पेंशनर संगठनों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। संगठनों का कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य 8वें वेतन आयोग में पुराने पेंशनरों के हितों को स्पष्ट रूप से सुरक्षित कराने और लंबे समय से चली आ रही अन्य मांगों को सरकार तक पहुंचाना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User