फर्रुखाबाद में गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत:नहाने के लिए कूदे थे, परिजनों में शोक का माहौल
फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के पचपुखरा कलाखेल गांव में रविवार को बरसाती पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कटरा रहमत खां गांव निवासी 12 वर्षीय सूरज पुत्र विनोद और 10 वर्षीय मोनू पुत्र राजपाल के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बताया गया कि सूरज और मोनू कुछ बच्चों के साथ गांव के पास स्थित पानी से भरे गड्ढे को देखने गए थे। इसी दौरान दोनों नहाने के लिए गड्ढे में कूद गए। गड्ढा काफी गहरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूब गए। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही तहसीलदार अरविंद कुमार, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पहले सूरज और फिर मोनू का शव पानी से बाहर निकाला गया। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों के मुताबिक, सूरज और मोनू गहरे दोस्त थे और एक ही मोहल्ले में रहते थे। दोनों अक्सर साथ ही रहते और खेलते थे। सूरज चार भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर का था, जबकि मोनू दो भाइयों में छोटा था। दोनों के पिता खेती-बाड़ी करते हैं। दो किशोरों की मौत से गांव में मातम पसरा है और दोनों परिवारों में गहरा दुख है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)