राज्य सूचना आयुक्त पहुंचे शामली:बोले- 91 मामले आयोग में पेंडिंग; 56 अधिकारियों में सिर्फ एक को RTI की जानकारी

Nov 27, 2026 - 15:52
0
राज्य सूचना आयुक्त पहुंचे शामली:बोले- 91 मामले आयोग में पेंडिंग; 56 अधिकारियों में सिर्फ एक को RTI की जानकारी
शामली में राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम शुक्रवार को शामली पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत जिला स्तर पर लोगों को सूचनाएं नहीं मिलने के कारण मामले सूचना आयोग तक पहुंच रहे हैं। आयोग के हस्तक्षेप के बाद करीब 70 प्रतिशत मामलों में आवेदकों को वही सूचनाएं मिल जाती हैं, जो संबंधित विभागों के पास पहले से उपलब्ध होती हैं। इससे स्पष्ट है कि जिला स्तर पर सूचना उपलब्ध होने के बावजूद आवेदकों को समय पर नहीं दी जा रही हैं। इसी स्थिति का जायजा लेने के लिए सूचना आयोग की ओर से जिलों का दौरा किया जा रहा है। शामली में जनसूचना अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान आयोग के प्रतिनिधि ने बताया कि जिले में अब तक 329 अधिकारियों पर सूचना नहीं देने के मामलों में दंड लगाया जा चुका है। इनमें कई अधिकारियों से दंड की वसूली हो चुकी है, जबकि अन्य से वसूली की प्रक्रिया चल रही है। कुछ अधिकारियों ने दंड के आदेश के खिलाफ रिकॉल आवेदन भी किए हैं, जिसके कारण संबंधित मामलों में वसूली की प्रक्रिया रुकी हुई है। वहीं, जिले के 91 मामले अभी आयोग में विचाराधीन हैं। इन मामलों की समीक्षा कर यह जानने का प्रयास किया गया कि किन परिस्थितियों में आवेदकों को सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। बैठक में आयोग ने जनसूचना अधिकारियों को आरटीआई अधिनियम पढ़ने और उसके प्रावधानों की जानकारी रखने के निर्देश दिए। आयोग के प्रतिनिधि ने बताया कि बैठक में मौजूद 56 जनसूचना अधिकारियों से अधिनियम के बुनियादी सवाल पूछे गए। इनमें अपील और शिकायत के बीच अंतर, आवेदन को दूसरे विभाग में स्थानांतरित करने की समयसीमा समेत अन्य प्रावधान शामिल थे। 56 में से केवल एक अधिकारी को ही इन बुनियादी प्रावधानों की जानकारी थी। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि कानून की जानकारी नहीं होने के कारण सूचना देने में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरटीआई आवेदन मिलने पर संबंधित सूचना उपलब्ध होने की स्थिति में 30 दिन के भीतर आवेदक को जानकारी देना अनिवार्य है। यदि सूचना संबंधित विभाग के पास उपलब्ध नहीं है, तो भी आवेदक को निर्धारित समय के भीतर इसकी जानकारी देनी होगी। आवेदन किसी दूसरे लोक प्राधिकरण से संबंधित होने पर उसे नियमानुसार स्थानांतरित किया जाना चाहिए। किसी आवेदक के बार-बार सूचना मांगने या अधिकारी पर दबाव बनाने का आरोप लगाने मात्र से सूचना देने से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि किसी आवेदक की ओर से ब्लैकमेलिंग या धमकी देने जैसी गतिविधियां की जा रही हैं, तो अधिकारी तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन सूचना देने की प्रक्रिया बाधित नहीं कर सकते। आयोग ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि जिलाधिकारी स्तर पर होने वाली मासिक समीक्षा बैठक में आरटीआई के लंबित आवेदनों और आयोग में विचाराधीन मामलों की भी समीक्षा की जाए। नवंबर में कितने आवेदन लंबित थे, दिसंबर में कितने निस्तारित हुए और कितने नए आवेदन आए, इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी। आयोग में लंबित मामलों की विभागवार और समयावधिवार सूची भी तैयार की जाएगी। आयोग के प्रतिनिधि ने कहा कि शामली तहसील और जिला स्तर के कार्यालयों में आरटीआई के प्रावधानों के पालन की स्थिति का भी निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट मुख्य सचिव को भेजी जाएगी और उसकी प्रति मुख्यमंत्री को भी उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि सूचना देने में जानबूझकर लापरवाही बरतने पर अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User