रैनबसेरे में कूड़े के बीच रखी पांच चारपाइयां:मेंहदावल नगर पंचायत ने 10 चारपाइयों का दावा किया, मौके पर पांच मिले
संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल नगर पंचायत में ठंड बढ़ने के साथ ही निराश्रितों और राहगीरों को रात गुजारने के लिए सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने के दावे किए जा रहे है। इसके लिए मेंहदावल नगर पंचायत की ओर से अस्थायी रैन बसेरा भी बनाया गया है, लेकिन इसकी हकीकत जिम्मेदारों के दावों से इतर है। जिस रैन बसेरे में जरूरतमंदों के ठहरने की व्यवस्था होनी चाहिए, वह कूड़ेदान में तब्दील नजर आ रहा है। कमरे में कूड़ा-करकट और गत्ते बिखरे पड़े है। ऐसे में ठंड से बचाव के लिए किए गए इंतजामों पर सवाल उठने लगे है। मेंहदावल नगर पंचायत प्रशासन की ओर से रैन बसेरे में दस चारपाई की व्यवस्था किए जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं, बुधवार की रात दैनिक भास्कर की टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की तो दावों की हकीकत सामने आ गई। रैन बसेरे के कमरे में जगह-जगह कूड़ा-करकट और गत्ते रखे मिले। गंदगी के बीच महज पांच चारपाई पर गद्दे बिछे थे। बाकी चारपाइयों और बिस्तरों का कोई इंतजाम नजर नहीं आया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि रात के समय रैन बसेरे में एक भी व्यक्ति ठहरता नहीं मिला। सर्द रातों में खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर जरूरतमंदों के लिए बनाए गए आश्रय स्थल की यह स्थिति नगर पंचायत की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रैन बसेरे के नाम पर केवल कोरम पूरा किया जा रहा है। यदि यही हाल रहा तो जरूरतमंदों को ठंड से राहत कैसे मिलेगी। लोगों ने रैन बसेरे की तत्काल साफ-सफाई कराने और सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)