स्कूल की दीवार गिरने से 3 छात्राएं मलबे में दबीं:सीतापुर में मिड-डे मील के बाद खेल रही थीं, इलाज के बाद तीनों को घर भेजा
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के हलुवापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल परिसर में खेल रही तीन छात्राएं जर्जर दीवार का हिस्सा गिरने से मलबे में दबकर घायल हो गईं। हादसे के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और अन्य लोगों ने आनन-फानन में बच्चियों को मलबे से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को घर भेज दिया गया। मिड-डे मील के बाद परिसर में खेल रही थीं बच्चियां जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर विद्यालय में मध्यान्ह भोजन के बाद बच्चे परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान स्कूल के बाहरी हिस्से में बनी जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से तीन छात्राएं दब गईं। हादसे के बाद स्कूल में मौजूद शिक्षकों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चियों को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। कक्षा तीन की छात्रा भी घायल हादसे में कक्षा तीन की निहारिका (8) पुत्री रंजीत कुमार निवासी हलुवापुर, अश्मी (7) पुत्री प्रेमचंद और शीतल (8) पुत्री पिंटू घायल हो गईं। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तीनों छात्राओं का परीक्षण कर उपचार किया। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जर्जर दीवारों की स्थिति पर उठे सवाल हादसे के बाद विद्यालय की जर्जर दीवारों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्कूल परिसर में बच्चों की मौजूदगी के दौरान दीवार का हिस्सा गिरना सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की आशंका पैदा करता है। गनीमत रही कि तीनों छात्राओं को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और जर्जर भवनों की मरम्मत की जरूरत को फिर सामने ला दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)