मतदाता सूची के लिए 28-29 नवंबर को अभियान:18 साल के युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर, सूची में दर्ज नामों-पते में संशोधन भी होगा
गाजियाबाद में मतदाता सूची के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर-2027) के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे। पहले से दर्ज नामों में संशोधन और उनका सत्यापन भी होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने को कहा है। अभियान का उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नहीं। खासतौर पर 18 साल की उम्र पूरी कर चुके उन युवाओं को जागरूक किया जाएगा, जिनका नाम अब तक सूची में दर्ज नहीं है। जिन नागरिकों का नाम किसी कारण से सूची में शामिल नहीं हो पाया, वे भी आवेदन कर सकेंगे। सूची में पहले से दर्ज नाम, पते या अन्य जानकारी में गलती होने पर उसे ठीक कराने की प्रक्रिया भी होगी। डीएम ने बीएलओ को तय तारीखों पर मतदान केंद्रों में मौजूद रहकर लोगों को आवेदन की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। लोगों को बताया जाएगा कि नया नाम जुड़वाने, नाम या पते में संशोधन कराने और अन्य बदलाव के लिए कैसे आवेदन करना है। अभियान का प्रचार करने के भी निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में हर पात्र नागरिक की भागीदारी के लिए मतदाता सूची का सही और अपडेट होना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से तय समय में काम पूरा करने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने को कहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)