लखनऊ में किसानों ने MSP की कानूनी गारंटी मांगी:भाकियू टिकैत ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग

Nov 27, 2026 - 17:29
0
लखनऊ में किसानों ने MSP की कानूनी गारंटी मांगी:भाकियू टिकैत ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग
लखनऊ मंडलायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने किसानों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। संयुक्त किसान मोर्चा और राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने गुरुवार रातभर धरना देकर पड़ाव डाला। इसके बाद दूसरे दिन शुक्रवार को मंडलायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें सभी कृषि फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने और गन्ने का मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की गई। 'सरकार ने पूरे नहीं किए वादे' किसान नेताओं ने कहा कि आंदोलन के दौरान सरकार ने किसानों से कई वादे किए थे, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, डीजल और बिजली के खर्च में भी इजाफा हुआ है। ऐसे में एमएसपी की कानूनी गारंटी जरूरी है, ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिल सके। धान खरीद में भी किसानों की परेशानी भारतीय किसान यूनियन टिकैत के लखीमपुर खीरी जिला अध्यक्ष हरदयाल सिंह संधू ने कहा कि धान खरीद में किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद में देरी हो रही है। उचित मूल्य नहीं मिलने से किसान अपनी उपज बेचने के लिए भटक रहे हैं। सरकार को धान खरीद पारदर्शी तरीके से करानी चाहिए और किसानों को एमएसपी का पूरा लाभ देना चाहिए। किसान नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने और सरकार से किए गए वादों को पूरा कराने तक संघर्ष जारी रहेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User