कुशीनगर में भाजपा प्रदेश-अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की:पूर्व मंडल अध्यक्षों और संगठन में दायित्व न संभाल रहे कार्यकर्ताओं से संवाद

Nov 27, 2026 - 17:29
0
कुशीनगर में भाजपा प्रदेश-अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की:पूर्व मंडल अध्यक्षों और संगठन में दायित्व न संभाल रहे कार्यकर्ताओं से संवाद
कुशीनगर में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शुक्रवार को पहली बार पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दो चरणों में संगठनात्मक बैठक की। इसमें पूर्व मंडल अध्यक्षों और फिलहाल संगठन में किसी दायित्व पर नहीं रहने वाले कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया। बैठक में संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। इस दौरान पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर भी निशाना साधा। कप्तानगंज से कसया तक हुआ स्वागत पंकज चौधरी दोपहर करीब 12 बजे बड़े काफिले के साथ कप्तानगंज पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक विनय प्रकाश गोंड सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हाटा में भी उनका स्वागत हुआ, जहां विधानसभा स्तर की बैठक आयोजित की गई। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रमों के चलते प्रदेश अध्यक्ष का काफिला करीब साढ़े चार बजे बुद्ध स्थली कुशीनगर पहुंचा। यहां क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद एक होटल में चरणबद्ध तरीके से संगठनात्मक बैठक हुई। दो चरणों में पूर्व मंडल अध्यक्षों से किया संवाद बैठक के पहले चरण में पूर्व मंडल अध्यक्षों से बातचीत की गई। दूसरे चरण में उन पूर्व मंडल अध्यक्षों से चर्चा हुई, जो फिलहाल संगठन में किसी पद या दायित्व पर नहीं हैं और जिनका संगठन में समायोजन नहीं हुआ है। बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। छोटे कार्यकर्ता को मिली बड़े प्रदेश की जिम्मेदारी मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि चुनाव का समय है, ऐसे में बैठकों में रणनीति और तैयारियों पर चर्चा होना स्वाभाविक है। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक छोटे कार्यकर्ता को इतने बड़े प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पूरी मेहनत और लगन से काम करेंगे, ताकि प्रदेश में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बने। सपा के घोषणा पत्र पर साधा निशाना प्रदेश अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर तंज कसते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आर्थिक वादों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान लोगों के खातों में साढ़े आठ हजार रुपये भेजने का वादा किया गया था, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद इस पर कोई बात आगे नहीं बढ़ी। पंकज चौधरी ने कहा, "घोषणा करने में क्या जाता है, सरकार तो आनी नहीं है, यह उन्हें भी पता है और जनता को भी मालूम है।" प्रदेश अध्यक्ष का कुशीनगर दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User