रामपुर में आजम बोले- जज के सामने रो पड़ा था:कहा- पता होता तालीम की इतनी सजा मिलेगी तो रिक्शा चलाता, आरजेडी के पूर्व मंत्री ने की मुलाकात
सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान से मंगलवार को उनके रामपुर आवास पर आरजेडी के पूर्व मंत्री मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने मुलाकात की। आजम ने बातचीत के दौरान जेल में बिताए दिनों और गाजियाबाद कोर्ट में जज के सामने हुई बातचीत का जिक्र किया। आजम खान ने कहा- जब वह जज साहब से बात कर रहे थे, तो उनकी आंखों में आंसू थे। उनकी बात सुनकर जज की आंखें भी नम हो गई थीं। आजम खान ने कहा- मैंने जज साहब से कोर्ट में कहा था कि साहब, अगर मुझे मालूम होता कि तालीम हासिल करने की इतनी बड़ी सजा मिलेगी तो कसम खाकर कहता हूं कि मैं नहीं पढ़ता, रिक्शा चलाता। आजम ने अपने बेटे की पढ़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि जिस बेटे को उन्होंने एमटेक कराया। उसे जेल में अपने साथ लेकर लेटते थे। वह अपनी औलाद को जाहिल रखता और उससे बीड़ियां बनवाता। यूनिवर्सिटी बनवाना तो दूर, वह खुद भी जाहिल रहता। कम से कम जेल से तो बच जाते और आज जो नसीहतें मिल रही हैं, उनसे भी बच जाते। फातमी बोले- आपके काम को मुल्क कभी नहीं भूलेगा आरजेडी के पूर्व मंत्री मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने आजम खान से कहा कि आपने प्रदेश और देश के लिए जो काम किए हैं, उन्हें कोई कभी भुला नहीं पाएगा। पूरे मुल्क में आपके प्रति हमदर्दी है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव भी उन्हें याद कर रहे थे। फातमी ने आजम खान से कहा कि उनकी तकलीफ में वे सभी उनके साथ हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अल्लाह उनका बुरा वक्त जल्द से जल्द खत्म करेगा। दरभंगा आने का न्योता, बोले- बिरयानी नहीं पुलाव-गोश्त खिलाएंगे मुलाकात के दौरान फातमी ने आजम खान को दरभंगा आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा- हम आपको दरभंगा आने की दावत देते हैं। हमारे यहां बिरयानी नहीं बनती, लेकिन इंशाल्लाह आपको पुलाव-गोश्त जरूर खिलाएंगे। हमारे यहां बिरयानी का रिवाज ही नहीं है। इस पर आजम खान ने उनका शुक्रिया अदा किया। जेल के दिनों और परिवार की पढ़ाई पर हुई चर्चा मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच जेल में बिताए दिनों, आजम खान के परिवार और उनके राजनीतिक-सामाजिक कामों को लेकर बातचीत हुई। आजम खान ने अपने बेटे की शिक्षा और यूनिवर्सिटी के निर्माण का जिक्र करते हुए जेल में बिताए समय के अनुभव साझा किए। वहीं, फातमी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत उनके साथी इस मुश्किल समय में उनके साथ हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)