रोलर फ्लोर मिलर्स की 63वीं AGM:लखनऊ में जुटे प्रतिनिधि, मंडी शुल्क समाप्त करने समेत चार मांगें रखीं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन (UPRFMA) की 63वीं वार्षिक आम सभा होटल ताज में आयोजित हुई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से रोलर फ्लोर मिलर्स, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े उद्यमी, वित्तीय संस्थानों और देश-विदेश की कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, वैल्यू एडिशन, गेहूं की उपलब्धता और मिलिंग उद्योग के भविष्य पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि आयुष राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने कहा कि गेहूं देश की खाद्य सुरक्षा और लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ा है। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में उत्पादन बढ़ाने के साथ स्वच्छता, आधुनिक तकनीक और खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीडियो संदेश के माध्यम से एसोसिएशन को शुभकामनाएं दीं और फ्लोर मिलिंग उद्योग को किसानों, रसोई और खाद्य सुरक्षा से सीधे जुड़ा बताया। एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें फ्लोर मिलों द्वारा प्रसंस्कृत गेहूं पर मंडी शुल्क समाप्त करना, उत्तर प्रदेश को गेहूं का उत्पादक राज्य घोषित करना, DDGS पर प्रतिबंध लगाने और OMSS के तहत गेहूं की बिक्री में परिवहन एवं कैरिंग कॉस्ट जोड़ने की मांग शामिल रही। उन्होंने कहा कि मंडी शुल्क के कारण प्रदेश के उद्योग को अन्य राज्यों की तुलना में प्रतिस्पर्धात्मक नुकसान हो रहा है। खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने खाद्यान्न की पूरी श्रृंखला में प्रसंस्करण उद्योग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में UPRFMA ने SIDBI, IGrain और Fortify Health के साथ MoU भी किए। SIDBI की DIA योजना के तहत एसोसिएशन को अनुदान और सदस्यों को ऋण सुविधा में सहयोग मिलेगा, जबकि IGrain के माध्यम से गेहूं के दैनिक भाव और बाजार पूर्वानुमान की सुविधा उपलब्ध होगी। तकनीकी सत्र में ‘द मिल ऑफ टुमॉरो’ और ‘व्हीट: द रोड अहेड’ विषयों पर विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीक, फूड सेफ्टी, वैल्यू एडिशन, गेहूं की उपलब्धता, बाजार और सरकारी नीतियों पर चर्चा की। समापन पर गोल्डन ग्रेन और भामाशाह अवॉर्ड से उद्यमियों को सम्मानित किया गया। लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मदन लाल जिंदल, रामचंद्र सिंघल, प्रमोद वैश्य समेत अन्य उद्यमियों को दिए गए। यंग मिलर और वूमेन एंटरप्रेन्योर श्रेणी में भी सम्मान प्रदान किए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)