सांसद ने कहा- बैठक से गायब अफसरों का वेतन रोकें:सिद्धार्थनगर में बोले- विकास कार्य समय पर कराएं, परियोजनाओं की समीक्षा की
सिद्धार्थनगर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को लोहिया कला भवन में हुई। दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक चली बैठक में सांसद जगदंबिका पाल ने विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बिना उचित कारण बैठक से गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों का वेतन रोकने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा। जर्जर बिजली तार बदलें, नए मजरों तक पहुंचाएं बिजली जिला ग्राम्य विकास अभिकरण की ओर से आयोजित बैठक में बिजली, सड़क, पेयजल समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने विद्युत विभाग को नए मजरों और टोलों तक बिजली पहुंचाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा। सभी विधानसभा क्षेत्रों में जर्जर बिजली तार बदलने और जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने आरडीएसएस योजना के तहत चल रहे सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे कराने को कहा। सांसद ने 8 जुलाई 2026 को हुई पिछली दिशा बैठक की कार्यवाही और उसमें दिए गए निर्देशों पर हुई प्रगति की भी समीक्षा की। जनप्रतिनिधियों से कराएं परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि जिले में स्वीकृत होने वाली प्रत्येक सड़क और अन्य विकास परियोजना का शिलान्यास और लोकार्पण जनप्रतिनिधियों से कराया जाए। मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण के दौरान जिन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ था, उनके शिलापट भी संबंधित कार्यस्थलों पर लगवाए जाएं। जल जीवन मिशन से खोदी सड़कें ठीक कराने के निर्देश जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने और लोगों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने तेतरी-सोहांस-लोटन मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। काला नमक चावल की ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर जोर सांसद ने एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत काला नमक चावल की उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने इसकी ब्रांडिंग और पैकेजिंग के लिए ऋण उपलब्ध कराने की योजनाओं के बारे में किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को योजनाओं की जानकारी देकर लाभ दिलाया जाए, जिससे जिले के स्थानीय उत्पाद को बेहतर बाजार मिल सके। पिछड़े जिलों की श्रेणी से बाहर लाने का लक्ष्य सांसद ने जिलाधिकारी से सभी अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि परियोजनाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी हों, जिससे सिद्धार्थनगर पिछड़े जनपदों की श्रेणी से निकलकर अग्रणी जिलों में शामिल हो सके। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने अनुपस्थित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आगामी बैठकों में इस तरह की लापरवाही दोबारा नहीं होनी चाहिए। अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को जिले में चल रही परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और जनगणना में सहयोग की अपील जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में मतदाता प्रतिशत कम है। ऐसे में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाने में सहयोग करें। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाकर जेंडर रेशियो में सुधार लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनगणना 2027 का कार्य चल रहा है। वर्ष 2011 के बाद जनगणना की प्रक्रिया हो रही है। सभी लोग स्वयं और दूसरों की स्वगणना कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए। ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद बैठक में कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, डुमरियागंज विधायक सैय्यदा खातून, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा डीएफओ नीला एम., एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार श्रीवास्तव, एडीएम न्यायिक डॉ. ज्ञान प्रकाश, एएसपी प्रशांत कुमार, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत लाल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, बीएसए शैलेष कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कमल किशोर, विवेक राय, आशीष भारद्वाज, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र चौधरी, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और निगरानी समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने सांसद जगदंबिका पाल का अंगवस्त्र, बुके और पौधा देकर स्वागत किया। मुख्य विकास अधिकारी ने विधायकों और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि को अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया। अंत में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)