UP चुनाव: BJP को झटका! गोरखपुर से पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सपा में शामिल

Nov 27, 2026 - 16:44
0
UP चुनाव: BJP को झटका! गोरखपुर से पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सपा में शामिल

दि राइजिंग न्यूज़ | लखनऊ | 27 नवंबर 2026

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने बीजेपी को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर से बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके अलावा शिक्षाविद मुकेश शर्मा ने भी बीजेपी छोड़कर सपा का दामन थाम लिया। मुकेश शर्मा कई शिक्षण संस्थानों का संचालन करते हैं।

विश्वजीत त्रिपाठी पहले समाजवादी पार्टी में ही थे, लेकिन बाद में उन्होंने सपा छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। अब एक बार फिर उनकी सपा में वापसी हुई है। वहीं, मुकेश शर्मा ने पार्टी में शामिल होने के बाद कहा कि उनके लिए यह दिन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में नोएडा में हुए बदलाव को देखने के बाद उनके विचार बदले। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2022 में उनकी अखिलेश यादव से मुलाकात हुई थी और इससे पहले भी सपा के नेताओं ने उनकी मदद की थी।

इस दौरान रायबरेली से भी कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के रायबरेली अध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता अपने साथियों के साथ सपा में शामिल हुए। वहीं, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष केके साहू ने भी पार्टी का दामन थाम लिया। चुनाव से पहले अलग-अलग क्षेत्रों के नेताओं का सपा में शामिल होना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विश्वजीत त्रिपाठी हाल ही में उस समय चर्चा में आए थे, जब इलाके में जलभराव की समस्या को लेकर सांसद रवि किशन से बातचीत करते हुए उनका एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में उन्होंने जलभराव की समस्या उठाते हुए सांसद से हस्तक्षेप करने की मांग की थी। इसके बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया था। अब उनके बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल होने से उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User