शादी-मंडप में करंट से एक नाबालिग समेत तीन झुलसे:फिरोजाबाद में मेहंदी कार्यक्रम चल रहा था, बिजली फॉल्ट से हादसा

Nov 21, 2026 - 21:50
0
शादी-मंडप में करंट से एक नाबालिग समेत तीन झुलसे:फिरोजाबाद में मेहंदी कार्यक्रम चल रहा था, बिजली फॉल्ट से हादसा
फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र के शांति नगर में शनिवार को बिजली फॉल्ट के चलते तीन लोग करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में 7 साल का बच्चा भी शामिल है। तीनों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सूचना पर सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घायलों की पहचान विकास (26), धर्मेंद्र (20) और अभी (7) के रूप में हुई है। तीनों शांति नगर के निवासी हैं। धर्मेंद्र के भाई अंकुल की शादी थी। शनिवार को घर में मंडप और मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली फॉल्ट हुआ और तीनों करंट की चपेट में आकर झुलस गए। शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। छत पर चल रहा था मेहंदी का कार्यक्रम घायल के चाचा विपिन कुमार ने बताया कि परिवार के लोग छत पर बैठे थे और मेहंदी लगाने का कार्यक्रम चल रहा था। दीपावली पर घर में बिजली की झालरें लगाई गई थीं। इसी दौरान अचानक बिजली फॉल्ट हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसा बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुआ है। फॉल्ट से आसपास के 15 से 20 घरों के बिजली मीटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जल गए। 25 से ज्यादा मीटर जलने का दावा स्थानीय पार्षद अजब सिंह शंखवार ने बताया कि पहले एलटी लाइन में फॉल्ट हुआ। इसके बाद 220 वोल्ट की लाइन में अर्थिंग होने से घरों में लगी झालरों में आग लग गई। उनके मुताबिक, घटना में 25 से अधिक बिजली मीटर जले हैं और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। एक मकान की छत का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने बिजली विभाग से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। पहले भी करंट से तीन बच्चों की हो चुकी है मौत गौरतलब है कि शांति नगर में पहले भी बिजली करंट की चपेट में आने से चार बच्चे झुलस गए थे। इनमें से तीन की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि एक बच्ची का उपचार जारी है। अब उसी इलाके में तीन और लोगों के झुलसने की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है। फिलहाल तीनों घायलों का सरकारी ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User