शामली में खिचड़ी बनाने पर भाई को मार डाला:आरोपी बोल नहीं सकता, मारपीट में सिर दीवार से टकराया
शामली के चौसाना में घर में खाने को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान छोटे भाई पर बड़े भाई के साथ मारपीट करने का आरोप है। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद बड़े भाई की करनाल के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। खाने को लेकर हुआ था विवाद घटना झिंझाना थाना क्षेत्र के चौसाना स्थित कश्यप मोहल्ले की है। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे सगे भाइयों पंकज और फोनू उर्फ सन्नी कुमार के बीच भोजन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, कहासुनी के दौरान पंकज ने सन्नी को धक्का दे दिया। इससे उसका सिर दीवार में लगी नुकीली वस्तु से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले स्थानीय स्तर पर उसका उपचार कराया गया। हालत बिगड़ने पर उसे करनाल के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। खिचड़ी बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, घर में खाना बनाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। बड़े भाई ने खिचड़ी बनाई थी, जबकि छोटे भाई की खाने को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। हालांकि, विवाद की वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की आधिकारिक जांच जारी है।
माता-पिता की पहले ही हो चुकी थी मौत पुलिस के अनुसार, दोनों भाई सगे थे और उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। दोनों एक ही घर में रहते थे। आरोपी पंकज मूक-बधिर है। घटना के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। पुलिस इशारों और अन्य माध्यमों से उससे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। कमरे में मिले खून के निशान, पुलिस ने जुटाए साक्ष्य घटना के बाद एएसपी सुमित शुक्ला, सीओ हेमंत कुमार और थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। कमरे में खून के निशान मिले हैं। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है। मृतक के दूसरे भाई की तहरीर पर मुकदमा एएसपी शामली सुमित शुक्ला ने बताया कि खाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी मूक-बधिर है। विवाद के दौरान बड़े भाई के सिर में चोट लग गई, जिसके बाद अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के दूसरे भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)