सपा के प्रण पत्र को ओमप्रकाश राजभर ने बताया जुमलेबाजी:अम्बेडकरनगर में बोले- 'न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेंगी'
अंबेडकरनगर में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा के प्रण पत्र, किसानों की कर्जमाफी, रोजगार और मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति को लेकर अखिलेश यादव और आजम खान को निशाने पर लिया। राजभर ने सपा के घोषणा पत्र को जुमलेबाजी बताते हुए दावा किया कि चुनाव में इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। सपा के प्रण पत्र को बताया धोखा गुरुवार रात करीब 11 बजे मीडिया से बातचीत में राजभर ने सपा के प्रण पत्र पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से पहले जारी सपा का घोषणा पत्र भी उन्होंने देखा था और मौजूदा प्रण पत्र भी पढ़ा है। दोनों में उन्हें जनता को धोखा देने वाली बातें नजर आती हैं। किसानों की कर्जमाफी के वादे पर उन्होंने कहा कि वह खुद भी किसानों का कर्ज माफ करने के पक्षधर हैं, लेकिन जब अखिलेश यादव की सरकार ही नहीं बनने वाली तो वह कर्जमाफी कैसे करेंगे। 25 लाख नौकरियों के वादे पर कसा तंज सपा के 25 लाख नौकरियां और पांच हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता देने के वादे पर भी राजभर ने तंज कसा। उन्होंने सपा शासनकाल में महिला अपराध, लूट और डकैती की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकारी नौकरियों में गड़बड़ी के आरोप लगाए। शिवपाल यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 'न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेंगी'। 75 जिलों में अलग-अलग घोषणा पत्र जारी करने की पहल पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि सपा सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिलता था और प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' जैसी स्थिति थी। आजम खान के बयान पर भी दिया जवाब आजम खान के बयान 'मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे' पर राजभर ने कहा कि विपक्षी नेता भाजपा का डर दिखाकर मुस्लिम समाज को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमानों को नफरत के माहौल में जीने के लिए मजबूर किया जा रहा है। राजभर ने कहा कि मुस्लिम समाज को शिक्षा, नौकरी, रोजगार, अमन-चैन और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर सवाल उठाने चाहिए। इसके बजाय विपक्षी नेता डर और नफरत की राजनीति कर रहे हैं। शिक्षा और रोजगार पर ध्यान देने की बात कही राजभर ने कहा कि मुस्लिम समाज को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की जरूरत है। राजनीति का केंद्र शिक्षा, रोजगार और विकास होना चाहिए, न कि डर और नफरत। उनके इस बयान से 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और सुभासपा के बीच सियासी जुबानी जंग और तेज होने के संकेत हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)