सहारनपुर में महिला-पुलिसकर्मी ने पति और ससुरालियों पर आरोप लगाए:दो बार गर्भपात कराने, छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश
सहारनपुर में तैनात महिला पुलिसकर्मी ने पति और ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न, दहेज मांगने और मारपीट के आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि पति ने दो बार गर्भपात कराया। उसने ससुर और जेठ पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप भी लगाया है। सदर बाजार पुलिस ने बुधवार को केस दर्ज कर जांच शुरू की। बागपत के बिनौली की रहने वाली महिला की शादी 5 जून को लॉकडाउन के दौरान नकुड़ क्षेत्र के नाहरमाजरा निवासी अश्वनी उर्फ शेंकी से हुई थी। महिला का आरोप है कि मई 2021 में गर्भवती होने पर उसे पति की पहली शादी के बारे में पता चला। इस बारे में पूछने पर पति और ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। महिला का दावा है कि इसके बाद उसका गर्भपात हो गया। महिला के मुताबिक,परिवारों के दखल के बाद उसने वैवाहिक जीवन संभालने की कोशिश की,लेकिन प्रताड़ना जारी रही। दूसरी बार गर्भवती होने पर उसकी सास किराये के मकान में रहने आई। आरोप है कि सास ने होने वाले बच्चे के लिए फायदेमंद बताकर उसे देसी दवा दी। कुछ दिन बाद तबीयत बिगड़ने पर महिला अस्पताल पहुंची,जहां डॉक्टरों ने गर्भपात होने की जानकारी दी। महिला ने दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने नौकरी के आधार पर 3.50 लाख रुपए का पर्सनल लोन लिया और रकम ससुर रतन सिंह को दी। इसके बाद भी पैसों की मांग जारी रही। शिकायत में ससुर और जेठ सुबोध पर छेड़छाड़ का आरोप है। महिला ने ससुर पर दुष्कर्म की कोशिश का भी आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि 17 जुलाई 2026 को पति उसके कमरे पर आया और उसके साथ मारपीट की। वह ड्यूटी पर थी,तभी पति कमरे से शादी के दस्तावेज,फोटो और जेवर लेकर चला गया। इसके बाद महिला की उससे संपर्क करने की कोशिशें नाकाम रहीं। आरोप है कि पति और ससुराल वाले उसे बेटा पैदा नहीं करने के ताने देते और दूसरी शादी कराने की धमकी देते थे। मामले ने तब नया मोड़ लिया,जब महिला को 20 नवंबर 2026 को पता चला कि पति ने मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के बिटावदा गांव निवासी पूजा से शादी कर ली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)