सहारनपुर में मोबाइल हैक कर खाते से 44,705 रुपए निकाले:पीड़ित बोला–दोपहर में अचानक बंद हो गया मोबाइल, खुद ही होने लगा अपडेट, दूसरे खाते में ट्रांसफर हुई रकम
सहारनपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने युवक का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से 44 हजार 705 रुपए निकाल लिए। घटना के दौरान युवक का मोबाइल अचानक खुद ही अपडेट होने लगा और कुछ देर बाद उसने काम करना बंद कर दिया। इसी बीच साइबर ठग ने उसके खाते से रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिर्जापुर पौल गांव निवासी साहिल पुत्र दिलशाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:53 बजे वह अपने मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर लिया। मोबाइल में अचानक अपने आप अपडेट होने लगा। कुछ देर बाद मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया। इसी बीच अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल से जुड़े फोन-पे खाते में सेंध लगाकर 44 हजार 705 रुपए निकाल लिए। साहिल के मुताबिक, उसके भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के खाते में 44 हजार 705 रुपए थे। साइबर ठग ने यह पूरी रकम कोमल योगी के नाम से जुड़े खाते में ट्रांसफर कर दी। रकम ट्रांसफर होने के बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 26 नवंबर को वह थाना मिर्जापुर पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के अनुसार, पीड़ित के एसबीआई खाते से 44 हजार 705 रुपए निकाले गए। जिस खाते में रकम ट्रांसफर हुई, उसका नाम कोमल योगी और यूपीआई आईडी komaldjjdj@axl बताई गई है। पीड़ित ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)