सिर में चोट मारकर नवजात की हत्या:हरदोई में तालाब में फेंका का शव, पोस्टमार्टम में खुलासा; माता-पिता और हत्यारों की पहचान में जुटी पुलिस

Nov 24, 2026 - 21:52
0
सिर में चोट मारकर नवजात की हत्या:हरदोई में तालाब में फेंका का शव, पोस्टमार्टम में खुलासा; माता-पिता और हत्यारों की पहचान में जुटी पुलिस
हरदोई में तालाब में मिले नवजात के शव के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जन्म के समय बच्चा पूरी तरह स्वस्थ और जीवित था। उसके सिर पर गहरी चोट पहुंचाई गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को तालाब में फेंका गया। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे शव मिलने के लगभग 96 घंटे बाद नवजात का पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच तेज कर दी है। मामला हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के बरनई चतरखा गांव का है। शुक्रवार (20 नवंबर) को गांव के बाहर स्थित तालाब में नवजात का शव उतराता मिला था। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकलवाकर कब्जे में लिया। शुरुआती छानबीन के दौरान बच्चे की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थानीय स्तर पर उसके माता-पिता और परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सिर की हड्डी टूटी, चोट से हुई मौत नवजात का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार को करीब 96 घंटे बाद उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट में सामने आया कि बच्चा जन्म के समय स्वस्थ था और जीवित अवस्था में था। उसके शरीर में जन्म के समय किसी गंभीर समस्या के संकेत नहीं मिले। पोस्टमॉर्टम में नवजात के सिर पर गहरी चोट की पुष्टि हुई है। सिर के अंदर की हड्डी भी टूटी हुई पाई गई। डॉक्टरों के मुताबिक, सिर में आई गंभीर चोट ही मौत की वजह बनी। रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि बच्चे की मौत जन्म के समय नहीं हुई थी, बल्कि जन्म के बाद उसे चोट पहुंचाई गई थी। हत्या के बाद तालाब में फेंकने की आशंका पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस को आशंका है कि नवजात की सिर पर चोट पहुंचाकर हत्या की गई और इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया गया। हालांकि, वारदात कहां हुई और बच्चे को तालाब तक कौन लेकर आया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। शुक्रवार को तालाब में शव मिलने के बाद से ही पुलिस नवजात की पहचान कराने में जुटी थी। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चोट से मौत की पुष्टि होने के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। माता-पिता और गांव का पता लगाने में जुटी पुलिस नवजात के माता-पिता कौन हैं और वह किस गांव का रहने वाला था, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हाल के दिनों में किस महिला ने बच्चे को जन्म दिया था और नवजात को तालाब तक कौन लेकर पहुंचा। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। लोग नवजात की हत्या करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हरपालपुर पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User