सीसीटीवी के पहरे में बरेली की सभी गौशालाएं:लापरवाही पर लगेगी लगाम, विकास भवन में खुला हाईटेक कंट्रोल रूम, होगी लाइव मॉनिटरिंग
सीसीटीवी के पहरे में बरेली की सभी गौशालाएं लापरवाही पर लगेगी लगाम, विकास भवन में खुला हाईटेक कंट्रोल रूम, अब चारा-पानी से लेकर इलाज तक की होगी लाइव मॉनिटरिंग बरेली में निराश्रित गौवंश के संरक्षण और उनकी देखभाल को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने डिजिटल कदम उठाया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) देवयानी ने सोमवार को विकास भवन में अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस नई व्यवस्था के लागू होने से अब जिले की सभी गौशालाओं की निगरानी एक ही छत के नीचे बैठकर की जा सकेगी। एक ही जगह से होगी हर गतिविधि की निगरानी
क्रिटिकल गैप्स योजना 2025-26 के तहत तैयार किए गए इस हाईटेक कंट्रोल रूम के जरिए गौशालाओं की पल-पल की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। अब अधिकारी दफ्तर में बैठे-बैठे यह देख सकेंगे कि गौवंश को समय पर चारा-पानी मिल रहा है या नहीं और बीमार पशुओं के इलाज की क्या व्यवस्था है। मौके पर जाए बिना ही वास्तविक स्थिति का आकलन होने से व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश खत्म हो जाएगी। अनियमितता मिलने पर तुरंत होगी सख्त कार्रवाई
कंट्रोल रूम के शुरू होने से गौशालाओं के संचालन में जवाबदेही तय होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल एक्शन लिया जा सकेगा। लोकार्पण के मौके पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप गौवंश संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह डिजिटल पहल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। इस कार्यक्रम में सीडीओ देवयानी के साथ मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)