ताजमहल CISF जवानों पर पर्यटक से मारपीट का आरोप:बच्चा बिछड़ने पर मदद मांगने पहुंचे थे पर्यटक, पिटाई का वीडियो वायरल

Nov 23, 2026 - 00:46
0
ताजमहल CISF जवानों पर पर्यटक से मारपीट का आरोप:बच्चा बिछड़ने पर मदद मांगने पहुंचे थे पर्यटक, पिटाई का वीडियो वायरल
ताजमहल की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों पर पर्यटकों से मारपीट करने का आरोप लगा है। दिल्ली से परिवार के साथ ताजमहल घूमने आए एक पर्यटक का तीन साल का बच्चा कुछ देर के लिए बिछड़ गया था। बच्चे की तलाश में मदद मांगने पहुंचे परिवार का जवानों से विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद जवानों ने पर्यटक और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने सीआईएसएफ से जवाब मांगा है। घटना रविवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। उस समय अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ताजमहल देखकर लौट चुकी थीं। इसी दौरान पूर्वी गेट के अंदर दाईं तरफ बने सीआईएसएफ कंट्रोल रूम में पर्यटकों के साथ मारपीट शुरू हो गई। परिवार की महिलाएं बीच-बचाव करती रहीं और चीखती-चिल्लाती रहीं। आरोप है कि जवान पर्यटकों को पीटते हुए कंट्रोल रूम से बाहर तक ले आए। पीड़ित साजिद ने बताया कि वह परिवार के साथ दिल्ली से ताजमहल घूमने आए थे। इसी दौरान उनका तीन साल का बच्चा करीब पांच मिनट के लिए परिवार से अलग हो गया। सीआईएसएफ के जवानों ने बच्चे को अपने पास रख लिया और उसका आधार कार्ड दिखाने को कहा। साजिद ने बताया कि बच्चे का आधार कार्ड घर पर छूट गया था, लेकिन मोबाइल में पहचान से जुड़े दूसरे दस्तावेज मौजूद थे। आरोप है कि इस पर जवानों ने कहा कि बच्चा चार दिन बाद मिलेगा और इसके लिए थाने जाना होगा। इसके बाद उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और कंट्रोल रूम में ले जाकर पिटाई की गई। मारपीट के दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस पर एक जवान कैप से अपना चेहरा छिपाने लगा। किसी तरह वहां से निकलने के बाद पर्यटक ताजगंज की गलियों में भटकते रहे। पिटाई के कारण साजिद की तबीयत भी खराब हो गई। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। एएसआई ने सीआईएसएफ से घटना को लेकर जवाब मांगा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User