तीली जलाकर कमरे के अंदर फेंकी, घर में लगी आग:लखनऊ में 2 गाड़ियां 2 घंटे तक बुझाती रहीं, गर्मी लगने पर फर्श पर लेटा
लखनऊ में एक युवक ने सिगरेट जलाने के बाद माचिस की तीली कमरे के अंदर फेंक दी। सुलगती तीली सीधे बिस्तर पर जा गिरी। कुछ देर तक बिस्तर सुलगा, फिर जलने लगा। बिस्तर जलते ही आग भड़क गई और घर के उस हिस्से को चपेट में ले लिया। तब तक युवक सो गया था। आग भड़कने पर युवक को गर्मी महसूस हुई तो वह उतरकर फर्श पर सो गया था। युवक की इस गलती का खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ गया। पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया। 2 गाड़ियों ने करीब 2 घंटे तक मशक्कत की तब जाकर आग बुझ पाई। हालांकि, तब तक घर के सारे सामान भी जल गए। मामला सरोजनीनगर के आजादनगर का है। दो मंजिला है घर, ऊपरी हिस्से में आग लगी अमीनाबाद निवासी अरुण अस्थाना का मकान सरोजनीनगर के आजादनगर में है। मकान के ऊपरी हिस्से में उनके बेटे हरि और संजय उर्फ सैम रहते हैं। अरुण की 90 वर्षीय सास अरुणा श्रीवास्तव भी वहीं रहती हैं। मकान का निचला हिस्सा खाली है। अरुण अपनी पत्नी आशा अस्थाना के साथ अमीनाबाद में बेटी मीना कुमारी के घर रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे संजय दूसरी मंजिल के कमरे में बिस्तर पर लेटे हुए नशे की हालत में सिगरेट जला रहे थे। सिगरेट पीने के बाद सो गया था युवक सिगरेट जलाने के बाद उन्होंने माचिस की तीली कमरे में फेंक दी और सिगरेट पीकर सो गए। उधर, तीली से बिस्तर में आग लग गई। धुआं और गर्मी महसूस होने पर संजय बिस्तर से उतरकर कमरे के फर्श पर लेट गए। वह वहीं पड़े रहे। बगल के कमरे में उनकी नानी अरुणा श्रीवास्तव चारपाई पर लेटी थीं। धुआं देखकर पड़ोसी पहुंचे, आवाज लगाई मकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख पड़ोसी दरवाजे पर पहुंचे और आवाज लगाई। अंदर से दरवाजा बंद था और कई बार आवाज देने पर भी नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों ने फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। सरोजनीनगर फायर स्टेशन से पहुंची टीम को बताया गया कि संजय और अरुणा अंदर फंसे हैं। दमकलकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर संजय को बाहर किया। उनकी नानी को चारपाई सहित नीचे लेकर गए। इसके बाद आग बुझानी शुरू की। फायर ब्रिगेड की दूसरी गाड़ी मंगवानी पड़ी फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। तब दमकल की एक और गाड़ी मंगाई गई। इसके बाद करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 9 बजे आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच दमकलकर्मियों ने कमरे के अंदर रखा गैस सिलेंडर भी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं पुलिस ने बताया कि नशे की हालत में सिगरेट जलाते समय संजय की लापरवाही से आग लगी थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)