सीएम ग्रिड की सड़क पर घटिया केबिल डालने की तैयारी:कानपुर में केस्को की जांच में 5 सैंपल फेल,एजेंसी को थमाया 7.78 लाख का बिल

Nov 05, 2026 - 22:55
0
सीएम ग्रिड की सड़क पर घटिया केबिल डालने की तैयारी:कानपुर में केस्को की जांच में 5 सैंपल फेल,एजेंसी को थमाया 7.78 लाख का बिल
कानपुर में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक और मामला सामने आया है। सीएम ग्रिड योजना के तहत घंटाघर से ग्रीनपार्क चौराहे तक बनाई जा रही सड़क में बिजली की घटिया केबिल इस्तेमाल करने की तैयारी थी। केस्को की जांच में अंडरग्राउंड वायरिंग के लिए लाई गई पांच तरह की केबिलों के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे। जांच रिपोर्ट में सभी पांच सैंपल फेल पाए गए हैं। इसके बाद केस्को ने इन केबिलों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। साथ ही सड़क का निर्माण कर रही एजेंसी मेसर्स कोनार्क एसोसिएट को पत्र जारी कर मानक के अनुरूप नई केबिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और टेस्टिंग में आए खर्चे का बिल भी दिया है। घटिया केबिल डालने की तैयारी घंटाघर से ग्रीनपार्क चौराहे तक करीब 2.85 किमी लंबी सड़क का निर्माण सीएम ग्रिड योजना के तहत कराया जा रहा है। इस मार्ग पर केस्को के ओवरहेड तारों और अन्य बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड किया जाना है। इसके लिए अलग-अलग क्षमता की एचटी और एलटी केबिल मंगाई गई थीं। इनकी आपूर्ति गाजियाबाद की कंपनी और सड़क का निर्माण कर रही मेसर्स कोनार्क एसोसिएट की ओर से की गई थी। केस्को की जांच में 5 सैंपल फेल केस्को ने केबिलों की गुणवत्ता जांचने के लिए उनके सैंपल भोपाल स्थित सेंट्रल पावर रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीपीआरआई) लैब भेजे थे। केस्को फ्लैगशिप एंड स्पेशल प्रोजेक्ट के अधिशासी अभियंता (निर्माण) अनिल आहूजा ने बताया कि जांच में पांच केबिलों के नमूने फेल हो गए। इनमें एचटी केबिल, 1.1 केवी एलटी केबिल और एलटी केबिल ब्लैक के दो अलग-अलग तरह के सैंपल शामिल हैं। सभी केबिलों के निर्माता मेसर्स पॉलीकैब इलेक्ट्रिक हैं। 7.78 लाख रुपए जमा करने पर दोबारा होगी जांच केबिलों के परीक्षण पर आए खर्च का बिल भी केस्को ने निर्माण एजेंसी को भेज दिया है। एजेंसी को 7 लाख 78 हजार 800 रुपए जमा करने के लिए कहा गया है। केस्को के निर्देश हैं कि बिल का भुगतान होने के बाद ही दोबारा परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नई केबिलों की गुणवत्ता जांच में सही पाए जाने के बाद ही आगे काम करने की अनुमति मिलेगी। बिना जांच रिपोर्ट आगे नहीं बढ़ेगा काम केस्को ने साफ कर दिया है कि उसकी जांच रिपोर्ट के बिना कंपनी बिजली संबंधी काम आगे नहीं बढ़ा सकती। केबिलों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं होने पर उन्हें अंडरग्राउंड डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। केस्को ने निर्माण एजेंसी को फेल हुए सैंपलों के स्थान पर मानक के अनुरूप नई केबिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। केस्को के अधिशासी अभियंता (निर्माण) अनिल आहूजा ने बताया- केंद्र सरकार के नियमों के तहत बिजली के काम में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को लगाने से पहले उसकी गुणवत्ता जांच जरूरी है। इसमें ट्रांसफॉर्मर, केबिल, कंडक्टर और पोल समेत 5 जरूरी चीजों का परीक्षण कराया जाता है। इस योजना में अंडरग्राउंड वायरिंग के लिए लाई गई केबिलों की जांच कराई गई है। अलग-अलग क्षमता की केबिलों के सैंपल फेल मिले हैं। ग्रीनपार्क से परेड चौराहे तक हटेगा अतिक्रमण ग्रीनपार्क से परेड चौराहे तक चल रहे सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य के दौरान अतिक्रमण की वजह से काम प्रभावित हो रहा है। नगर निगम जोन-1 के अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव ने इस संबंध में जोनल अधिकारी को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि नगर निगम के जोनल कार्यालय के पास सड़क के जिस हिस्से में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, वहां फिर से ठेले-खोमचे और अस्थायी दुकानें लग गई हैं। इस वजह से निर्माण कार्य में बाधा आ रही है। साथ ही सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। अधिशासी अभियंता ने जोनल अधिकारी से इन अस्थायी अतिक्रमणों को तत्काल हटवाने के लिए कहा है। दिवाली के बाद नगर निगम की टीम अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अस्थायी कब्जे हटवाएगी, ताकि सीएम ग्रिड के निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा कराया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User