टक्कर से तीन बार ऑटो गुलाट खाया, युवक की मौत:झांसी में फुफेरे भाई की शादी में जा रहा था, भाई ऑटो चला रहा था
झांसी में गुरुवार सुबह शादी के रिसेप्शन में शामिल होने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। ऑटो में बड़ा भाई और दो दोस्त भी सवार थे। परिजनों का आरोप है कि रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो तीन बार पलटने के बाद करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में ऑटो में पीछे बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई और दो दोस्त घायल हो गए। घटना मोठ थाना क्षेत्र में अमरा-बघेरा मार्ग पर हुई। मोठ के ग्राम अंबरगढ़ निवासी यासीन (24) की बुआ बघेरा में रहती हैं। गुरुवार को उनके बेटे की शादी का रिसेप्शन था। इसमें शामिल होने के लिए यासीन सुबह करीब 6 बजे अपने बड़े भाई सलमान के ऑटो से घर से निकला था। ऑटो सलमान चला रहा था, जबकि यासीन और उसके दो दोस्त पीछे बैठे थे।
मृतक के चचेरे भाई मुबीन खान ने बताया कि अमरा और बघेरा के बीच सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। इससे ऑटो तीन बार पलटा और करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। पीछे की सीट पर किनारे बैठे यासीन के सिर और हाथ में गंभीर चोट आई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सलमान और उसके दोनों दोस्त मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यासीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस टक्कर मारकर भागे अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। तीन भाइयों में सबसे छोटा था यासीन यासीन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह खेती करके परिवार का भरण-पोषण करता था। अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। जिस घर में शादी के रिसेप्शन की खुशियों में शामिल होने जा रहा था, वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत की खबर पहुंच गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)