यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:योगी बोले- अशोक सिंघल शेर थे; 150 साल पुरानी मस्जिद बही; 12 साल की छात्रा की स्कूल में बैठे-बैठे मौत

Sep 27, 2026 - 19:09
0
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:योगी बोले- अशोक सिंघल शेर थे; 150 साल पुरानी मस्जिद बही; 12 साल की छात्रा की स्कूल में बैठे-बैठे मौत
आज की सबसे बड़ी खबर सीएम योगी के अशोक सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष समारोह में शामिल होने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बचाव में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर लगातार 70 घंटों से हुई बारिश से मची तबाही को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- योगी बोले- राममंदिर आंदोलन के समय लोग कफन बांधे रहते थे, अशोक सिंघल शेर की तरह डटे रहे लखनऊ में सीएम योगी ने कहा- राम मंदिर के लिए लोग कफन बांधकर मर-मिटने को तैयार थे, लेकिन आंदोलन की ताकत बिखरी हुई थी। अशोक सिंघल ने आंदोलन को नेतृत्व दिया। निरंकुश सत्ता ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, लेकिन सिंघल शेर की तरह डटे रहे। CEC ज्ञानेश कुमार विवाद पर कहा- विपक्ष संवैधानिक संस्था को कटघरे में खड़ा कर भारत की बदनामी कर रहा। पूरी खबर पढ़ें 2- आंधी-बारिश में 63 की मौतें, 30 दिन से सरयू में लटकी 150 साल पुरानी मस्जिद बही यूपी में 70 घंटे की बारिश ने शहरों को तालाब और गांवों को पानी का मैदान बना दिया। बाराबंकी में सरयू नदी में 30 दिन से लटकी 150 साल पुरानी मस्जिद बह गई। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर 2-3 फीट पानी भरा। लखनऊ में इकाना स्टेडियम के पास सड़क तो कानपुर-इटावा हाईवे 200 मीटर धंसा। दो दिन में 63 लोगों की मौत हो चुकी है। श्रावस्ती में ओवैसी का दौरा रद्द हुआ। पूरी खबर पढ़ें 3- अखिलेश बोले- सरकार बनी तो खिलाड़ियों को 21 लाख देंगे, भाजपा ने वोट कटवाने के लिए कंपनी हायर की सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर खिलाड़ियों को 21 लाख रुपए देने और यश भारती को फिर शुरू करते हुए 50 हजार रुपए की जगह सम्मान राशि एक लाख रुपए करने का ऐलान किया। उन्होंने भाजपा पर पूरे यूपी में वोट कटवाने का आरोप लगाया। कहा- भाजपा ने प्राइवेट कंपनी को हायर कर बूथस्तर पर फार्म-7 भरवाकर सपा का वोट कटवाने का काम किया। पूरी खबर पढ़ें 4- प्रेमानंदजी के शिष्य का छत से गिरने का VIDEO, वृंदावन में सड़क पर गिरा, सिर फट गया वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के 25 साल पुराने शिष्य रसिक दुलारी शरण के सुसाइड का यह वीडियो सामने आया है। 40 फीट ऊंचाई से गिरते ही शिष्य का सिर फट गया। वह सड़क पर तड़पने लगा। चारों ओर खून फैल गया। वीडियो में रसिक दुलारी शरण चौथी मंजिल से पैरों के बल सड़क पर गिरते दिख रहे हैं। रसिक ने 25 सितंबर सुबह 10:35 बजे सुसाइड किया था। पूरी खबर पढ़ें 5- कुशीनगर में 12 साल की बच्ची की हार्ट-अटैक से मौत, स्कूल में बैठे-बैठे गिरी कुशीनगर में 12 साल की छात्रा की मौत हार्ट अटैक से हुई है। वह स्कूल में बैठे-बैठे अचानक फर्श पर गिर गई थी। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। डीएम के निर्देश पर दो दिन बाद शुक्रवार को छात्रा का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। शनिवार को रिपोर्ट में मौत की वजह सामने आई तो सब हैरान रह गए। शनिवार को बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- यूपी में जंगल और खेतों में बना डाले डिग्री कॉलेज, पहुंचने का रास्ता तक नहीं यूपी में कई प्राइवेट डिग्री कॉलेज जंगल और सुनसान इलाकों में खोल दिए गए हैं। कुछ कॉलेजों तक तो जाने का रास्ता भी नहीं है। ऐसा इसलिए ताकि यहां अफसर जांच-पड़ताल के लिए न पहुंच सकें। यहां सालभर क्लास नहीं लगती, बच्चे केवल परीक्षा देने आते हैं। यहां छात्रों को नकल की पूरी छूट दी जाती। पढ़िए पास करने की गारंटी देने वाले कॉलेजों का सच दैनिक भास्कर के इन्वेस्टिगेशन में 7- हाथरस में रिटायर फौजी और पहली पत्नी की गला रेतकर हत्या, घर में खून से सने शव मिले हाथरस में रिटायर फौजी और उनकी पहली पत्नी समीना की कमरे में गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों की खून से लथपथ लाशें औंधे मुंह मिलीं। गले और सिर पर चाकू के वार के निशान थे। वारदात का पता रविवार सुबह चला, जब दूसरी पत्नी सीमा उन्हें जगाने पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर रिस्पांस नहीं आया तो पड़ोसियों को बुलाया। बच्चा न होने पर सीमा से दूसरी शादी की थी। पूरी खबर पढ़ें 8- हसीन जहां बोलीं- शमी अपने फायदे के लिए चुनाव लड़ेंगे, मैं जनता के लिए जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद क्रिकेटर मोहम्मद शमी की अमरोहा से चुनाव लड़ने की चर्चा है। अब शमी के सामने उनकी पत्नी हसीन जहां ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया- किस पार्टी में जाना है, यह अभी डिसाइड नहीं किया है। कहा कि शमी अपने फायदे के लिए चुनाव लड़ेगा, जबकि मैं जनता के मुद्दे के लिए। उसने मेरी बच्ची का मेंटेनेंस देना बंद कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें 9- एटा में युवक के सिर के आर-पार हुई गोली, इंगेजमेंट टूटने के बाद खुद को मारी एटा में शादी का रिश्ता टूटने के बाद युवक ने तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली कनपटी से आर-पार हो गई। आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो आदित्य खून से लथपथ पड़ा था। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, करीब 4 महीने पहले आदित्य की कटरा मोहल्ले की युवती से सगाई हुई थी। किसी विवाद के बाद रिश्ता टूट गया। इससे वह तनाव में था। पूरी खबर पढ़ें 10- स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, वरुण गांधी जा सकते हैं राज्यसभा, अक्टूबर में होगी घोषणा राज्यसभा में यूपी कोटे से 10 सीटों पर होने वाले चुनाव में भाजपा को 8 और सपा को 2 सीटें मिलना तय है। अक्टूबर के पहले हफ्ते में पार्टी अपने प्रत्याशियों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर सकती है। पार्टी सूत्रों की मानें तो हाल ही में राष्ट्रीय संगठन में पद पाने वालीं स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी का राज्यसभा जाना लगभग तय हो चुका है। वरुण गांधी को भी पार्टी भेज सकती। पूरी खबर पढ़ें 11- अयोध्या में इंजीनियर का अर्धनग्न शव मिला; मां से कहा था- मैनेजर परेशान कर रहा अयोध्या में पेपर मिल के केमिकल प्लांट के टैंक में इंजीनियर का शव उतराता मिला। परिजनों ने कंपनी से जुड़े कुछ लोगों पर हत्या का शक जताया है। मां के अनुसार, मौत से एक घंटे पहले इंजीनियर आशीष शिवहरे का फोन आया था। उसने मैनेजर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। परिजनों के मुताबिक, मैनेजर ने उसके सिस्टम से उसका रिजाइन लेटर भी डाल दिया था। पूरी खबर पढ़ें 12- प्रयागराज में चिराग पासवान का Gen-z स्टाइल, कहा-UP में युवा आयाेग का गठन करेंगे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान शनिवार को जेन-ज़ी स्टाइल में प्रयागराज पहुंचे। जींस-टीशर्ट पहनकर युवाओं के बीच पहुंचे चिराग ने ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में कहा कि यूपी में युवा आयोग बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी युवाओं की है, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अलग आयोग नहीं है। बताया कि बिहार में युवा आयोग का गठन किया गया है। पूरी खबर पढ़ें 13- झांसी में सेना के ट्रक ने छात्रा-महिला को कुचला, मौत, सिर के ऊपर से गुजरा पहिया झांसी में भंडारा खाकर लौट रही 5वीं की छात्रा और महिला को सेना के ट्रक ने कुचल दिया। छात्रा के सिर के ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया, जबकि महिला ट्रक के नीचे फंस गई। दोनों की मौके पर मौत हो गई। करीब 2 घंटे बाद महिला का शव निकाला जा सका। दोनों करीब 20 महिलाओं और बच्चों के साथ पैदल घर लौट रही थीं। सामने से आए ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- एक सांप पकड़ रहे थे तभी दूसरा आया, डर के मारे लोग भागे गाजियाबाद के एक मोहल्ले में अचानक से एक 5 फीट लंबा सांप दिखा। लोग उसे पकड़ने की कोशिश करने लगे। उसे पकड़ने के दौरान अचानक से एक दूसरा सांप भी सामने आ गया। सांपों का जोड़ा देखकर दहशत में लोग पीछे हट गए। करीब एक घंटे तक दोनों सांप मौके पर फन उठाए बैठे रहे। उनको देखने भीड़ जुट गई। वन विभाग की रेस्क्यू टीम आई तो पकड़ा गया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास... 15- बैंक हड़ताल रहेगा 28 सितंबर से बैंकों में हड़ताल होने जा रहा है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। हालांकि UPI, ATM, नेट और मोबाइल बैंकिंग, की सेवाएं पहले की तरह चालू रहेंगी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User