1.08 लाख दीपों से जगमगाया भुइंया ताली तीर्थ:सीतापुर में देव दीपावली पर दिखा अद्भुत नजारा, श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की
सीतापुर में देवदीपावली के पावन पर्व पर मंगलवार रात करीब 10 बजे खैराबाद के ऐतिहासिक भुइंया ताली तीर्थ में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान एक लाख आठ हजार दीपों से पूरे तीर्थ परिसर को सजाया गया। शाम होते ही हजारों दीपों की रोशनी से तीर्थ परिसर जगमगा उठा। दीपों से सजे ऐतिहासिक तीर्थ का नजारा देखते ही बन रहा था। अलौकिक रोशनी और धार्मिक उल्लास के बीच श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य को देखकर भावविभोर हो उठे। दीपोत्सव का आयोजन तीर्थ के प्रमुख देखरेखकर्ता महंत बजरंगमुनि के सानिध्य में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दीपदान किया और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने तीर्थ परिसर में दीप प्रज्वलित कर देवी-देवताओं के समक्ष माथा टेका और परिवार की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में समाजसेवी अभिषेक गुप्ता, अंकित गुप्ता, गौरव अग्रवाल, सभासद आलोक बाजपेई, राकेश चंद्र गुप्ता, अवधेश मिश्र, अरविंद मिश्र, अधिशासी अधिकारी प्रेमशंकर गुप्ता और निरंकार गुप्ता समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने दीपोत्सव में सहभागिता कर धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाया।
दीपदान के दौरान पूरा तीर्थ परिसर भक्ति और श्रद्धा के माहौल में सराबोर रहा। एक लाख आठ हजार दीपों की जगमगाहट ने भारतीय सनातन संस्कृति और देवदीपावली की प्राचीन परंपरा की भव्यता को प्रदर्शित किया। देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। ऐतिहासिक भुइंया ताली तीर्थ में आयोजित इस भव्य दीपोत्सव ने देवदीपावली के पर्व को यादगार बना दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)