580 सरकारी नलकूपों की जिम्मेदारी 87 ऑपरेटरों पर:अधिशासी अभियंता बोले- उपलब्ध कर्मचारियों से काम चलाया जा रहा

Nov 24, 2026 - 07:20
0
580 सरकारी नलकूपों की जिम्मेदारी 87 ऑपरेटरों पर:अधिशासी अभियंता बोले- उपलब्ध कर्मचारियों से काम चलाया जा रहा
अम्बेडकरनगर में किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने वाले सरकारी नलकूपों की व्यवस्था कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रही है। जिले के 580 राजकीय नलकूपों के संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी महज 87 ऑपरेटरों के भरोसे है। विभाग में ऑपरेटरों के 237 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से 150 पद खाली पड़े हैं। ऐसे में एक ऑपरेटर के जिम्मे औसतन पांच नलकूपों की निगरानी और संचालन की जिम्मेदारी है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक जिले में कुल 580 सरकारी नलकूप स्थापित हैं। इनके संचालन के लिए 237 ऑपरेटरों के पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके सापेक्ष वर्तमान में केवल 87 ऑपरेटर ही तैनात हैं। यानी करीब 63 फीसदी पद रिक्त चल रहे हैं। कर्मचारियों की इस कमी के चलते एक ऑपरेटर को कई नलकूपों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है। इसका असर नलकूपों की नियमित निगरानी और रखरखाव पर पड़ने की आशंका है। एक साथ कई नलकूपों की जिम्मेदारी होने से ऑपरेटरों के लिए प्रत्येक केंद्र तक नियमित पहुंचना आसान नहीं है। खासकर दूरदराज के गांवों में स्थापित नलकूपों की निगरानी और छोटी-मोटी तकनीकी खराबियों की समय से जानकारी जुटाना चुनौती बन सकता है। ऐसे में किसी नलकूप में खराबी आने पर उसे ठीक कराने में देरी की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। सरकारी नलकूपों के जरिए जिले में बड़ी संख्या में किसान अपनी फसलों की सिंचाई करते हैं। ऐसे में ऑपरेटरों के खाली पदों का मामला सीधे तौर पर सिंचाई व्यवस्था से जुड़ा है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता नलकूप पुनीत चौधरी ने बताया कि ऑपरेटरों की कमी जरूर है, लेकिन उपलब्ध कर्मचारियों से काम चलाया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User