बरेली में लापता किसान का कुएं में मिला शव:गुलाब के खेत में पानी लगाने निकला था, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव में गुलाब के खेत में पानी लगाने गए किसान का शव मंगलवार सुबह कुएं में मिला। किसान सोमवार सुबह खेत पर गया था। दोपहर में पत्नी खाना लेकर पहुंची तो खेत में उसके कपड़े और जूते मिले, लेकिन वह कहीं दिखाई नहीं दिया। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह तलाश के दौरान ट्यूबवेल के पास बने कुएं में उसका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पत्नी खाना लेकर खेत पहुंची तो नहीं मिला किसान जमालपुर गांव निवासी सुभाष मौर्य (चंद्रपाल मौर्य के बेटे) सोमवार सुबह करीब 11 बजे गांव के उत्तर में स्थित ठाकुरदास के ट्यूबवेल से अपने गुलाब के खेत में पानी लगाने गए थे। दोपहर करीब एक बजे उनकी पत्नी कमलेश खाना लेकर खेत पहुंचीं। उन्होंने सुभाष को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खेत में उनके कपड़े और जूते रखे मिले, जबकि सुभाष का कोई पता नहीं था। इसके बाद कमलेश ने परिवार के लोगों को सूचना दी। रातभर तलाश के बाद कुएं में मिला शव सुभाष के लापता होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने आसपास के खेतों और गांव में उनकी तलाश की। सोमवार को काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। मंगलवार सुबह परिजन फिर गुलाब के खेत के पास पहुंचे। इस दौरान ट्यूबवेल के पास बने कुएं में पानी के अंदर सुभाष का शव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मजदूरी कर पालते थे नौ बच्चों का परिवार सुभाष के परिवार में पत्नी कमलेश और नौ बच्चे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी बच्चे अविवाहित हैं। सबसे छोटा बेटा महज ढाई साल का है। सुभाष के पास एक बीघा जमीन थी। वह खेती के साथ मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। भमोरा थाना अध्यक्ष कुशल पाल सिंह ने बताया कि कुएं में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कुएं से निकलवाकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)