72 हजार उपभोक्ताओं ने नहीं कराई ई-केवाईसी:30 सितंबर तक आधार बायोमीट्रिक सत्यापन जरूरी, नहीं तो सब्सिडी बंद होगी
फतेहपुर घरेलू गैस सिलेंडर पर सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए आधार बायोमीट्रिक सत्यापन यानी ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिले में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। ऐसे में 30 सितंबर तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को एक अक्तूबर से सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। उन्हें सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदना पड़ेगा। जिले में कुल 5 लाख 54 हजार 280 घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ता हैं। इनमें इंडियन ऑयल के 4 लाख 24 हजार 972, भारत पेट्रोलियम के 91 हजार 541 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 37 हजार 767 उपभोक्ता शामिल हैं। इनमें से करीब 72 हजार 503 उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। एलपीजी रिफिल की बुकिंग के लिए आधार बायोमीट्रिक ई-केवाईसी अनिवार्य किए जाने का उद्देश्य फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शन पर रोक लगाने के साथ पात्र परिवारों तक सब्सिडी का लाभ पहुंचाना है। जिला आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से समय रहते सत्यापन कराने की अपील की है। मोबाइल एप से भी कर सकते हैं ई-केवाईसी गैस उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल एप डाउनलोड कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इंडेन के लिए इंडेन ऑयल, भारत गैस के लिए हेलो बीपीसीएल और एचपी गैस के लिए एचपी एप का इस्तेमाल किया जा सकता है। मोबाइल फोन में आधार फेस आरडी एप इंस्टॉल करने के बाद ई-केवाईसी विकल्प चुनकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं को मोबाइल एप के माध्यम से ई-केवाईसी करने में परेशानी हो रही है, वे अपनी गैस एजेंसी पर जाकर आधार कार्ड, गैस पासबुक और पंजीकृत मोबाइल नंबर के साथ सत्यापन करा सकते हैं। एजेंसी पर फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन के जरिए बायोमीट्रिक सत्यापन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)