आगरा कॉलेज के हजारों छात्र मेट्रो के खिलाफ सड़कों पर:अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जमकर नारेबाजी, मेट्रो स्टेशन में घुसे
आगरा कॉलेज प्रशासन और हजारों छात्र मेट्रो के खिलाफ सड़कों पर उतर गए हैं। कॉलेज के क्रीड़ांगन और ग्राउंड में मेट्रो द्वारा कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों ने साफ कहा है कि मेट्रो का अवैध अतिक्रमण नहीं चलेगा और अत्याचार नहीं सहेंगे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मेट्रो के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना है कि आगरा कॉलेज का ग्राउंड उनकी पहचान है। यहां खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। मेट्रो निर्माण के नाम पर ग्राउंड को खराब नहीं होने देंगे। छात्रों ने आरोप लगाया कि निर्धारित स्थल से हटकर कॉलेज की भूमि पर निर्माण किया जा रहा है और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इससे पढ़ाई और खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। छात्रों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कॉलेज परिसर से लेकर मुख्य मार्ग तक मार्च निकाला। इस दौरान यातायात भी कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। छात्रों ने नारे लगाए- आगरा कॉलेज जिंदाबाद, मेट्रो का अतिक्रमण नहीं चलेगा, छात्र एकता जिंदाबाद। प्रदर्शन में छात्राओं की भी बड़ी संख्या रही। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि मेट्रो को पहले से तय जगह पर ही काम करना चाहिए। कॉलेज की भूमि पर बिना अनुमति निर्माण करना गलत है। प्रशासन ने इस मामले में थाने में शिकायत भी दी है। शिकायत में कहा गया है कि 26 नवंबर को क्रीड़ांगन में पार्किंग बनाने का प्रयास किया गया। पूर्व मंत्री विजय सिंह राणा द्वारा स्थापित शिलान्यास पत्थर को तोड़ने का प्रयास हुआ। विरोध करने पर वरिष्ठ प्रोफेसर से दुर्व्यवहार किया गया। कॉलेज ने शिकायत के साथ वीडियो-फोटो भी सौंपे हैं। छात्रों की मांग है कि मेट्रो प्रशासन तुरंत कॉलेज परिसर में हो रहा निर्माण रोके। अतिक्रमण हटाया जाए। कॉलेज की टूटी संपत्ति की मरम्मत कराई जाए और भविष्य में बिना अनुमति कॉलेज की भूमि पर प्रवेश न किया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। छात्र नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ ग्राउंड की नहीं, बल्कि कॉलेज की अस्मिता और छात्रों के भविष्य की है। आगरा कॉलेज ऐतिहासिक संस्थान है। इसकी भूमि को किसी भी हाल में खराब नहीं होने दिया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। पुलिस मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर बनाए रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)