नकली लिपाग्लिन दवा के कारोबार में दो पर एफआईआर:फर्जी बिलिंग से गुजरात तक पहुंचाई नकली दवा, लखनऊ और राजस्थान के आरोपियों पर मुकदमा
लखनऊ में नकली दवा के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। लिपाग्लिन टैबलेट के नकली बैच की खरीद-बिक्री और फर्जी बिलिंग के मामले में औषधि विभाग ने दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इनमें लखनऊ के सर्वेश सिंह उर्फ मुन्ना भाई और राजस्थान की फर्म क्योरहेल्थ मेडिकोस के संचालक दुर्गेश कुमार शामिल हैं। जांच में 9,610 स्ट्रिप नकली दवा गुजरात की दो फर्मों को बेचने की बात सामने आई है। 11,360 स्ट्रिप की खरीद दिखाई, 9,610 गुजरात भेजीं केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन, नॉर्थ जोन गाजियाबाद और राजस्थान के औषधि नियंत्रण अधिकारियों की संयुक्त जांच में यह मामला सामने आया। जांच में लिपाग्लिन टैबलेट के बैच नंबर IB00327A की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले गए।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, राजस्थान की क्योरहेल्थ मेडिकोस ने रिकॉर्ड में लखनऊ की बालाजी फार्मास्युटिकल्स से 11,360 स्ट्रिप खरीदना दिखाया था। इनमें से 9,610 स्ट्रिप गुजरात की दो फर्मों को बेची गईं। जांच में इन दवाओं को नकली और काउंटरफीट बताया गया है। बालाजी फार्मा का लाइसेंस पहले ही हो चुका था निरस्त जांच में पता चला कि राजस्थान की क्योरहेल्थ मेडिकोस के लाइसेंस वाले पते पर दवाओं का कोई स्टॉक नहीं मिला। परिसर किसी दूसरे कारोबार के लिए किराए पर दिया गया था।
वहीं, लखनऊ की बालाजी फार्मास्युटिकल्स का औषधि लाइसेंस पहले ही निरस्त किया जा चुका था। फर्म का जीएसटी पंजीकरण भी रद्द था। पूछताछ में बालाजी फार्मास्युटिकल्स के पूर्व संचालक ने इन दवाओं की बिक्री से इनकार किया। वीडियो कॉल पर मुन्ना भाई का नाम आया विभाग के मुताबिक, क्योरहेल्थ मेडिकोस के संचालक दुर्गेश कुमार ने वीडियो कॉल पर बताया कि उसे दवाओं की आपूर्ति मुन्ना भाई के जरिए हुई थी। जांच में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों का संबंध सर्वेश सिंह और अन्य लोगों से सामने आया।
विभाग का आरोप है कि निरस्त लाइसेंस वाली फर्म के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी बिल और दस्तावेज तैयार किए गए। इसके जरिए नकली दवाओं की खरीद-बिक्री की गई। ठाणे में भी दर्ज है इसी बैच का मामला जांच में इसी बैच की लिपाग्लिन दवा के मामले में महाराष्ट्र के ठाणे में भी सर्वेश उर्फ मुन्ना सिंह समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)