आगरा में दबंगों ने दुकानदार को घेरकर पीटा:गाड़ी खड़ी करने पर हुआ था विवाद, घटना सीसीटीवी में कैद
आगरा के संजय प्लेस में दुकान बंद कर घर लौट रहे दुकानदार को दबंगों ने रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीट दिया। आरोपियों ने उनकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला थाना हरिपर्वत के संजय प्लेस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, राजीव कौशिक बीती रात अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान गाड़ी खड़ी करने को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद दबंगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और हमला कर दिया। घेरकर की बेरहमी से मारपीट
दबंगों ने दुकानदार को घेरकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। दुकानदार ने बचने की कोशिश की, लेकिन दबंगों ने उसे नहीं छोड़ा। मारपीट के दौरान दुकानदार की गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए और बॉडी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमले में दुकानदार को चोटें आई हैं। वीडियो वायरल, व्यापारियों में दहशत
घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हा गया। जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दबंग किस तरह दुकानदार को घेरकर पीट रहे हैं और गाड़ी में तोड़फोड़ कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाके में ही व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं तो बाकी जगह क्या हाल होगा। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि संजय प्लेस में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित दुकानदार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)