आजम खान बोले- सत्ता मिली तो बदला नहीं, इंसाफ करेंगे:रामपुर में कहा, बदले की भावना से काम नहीं करेंगे, लोगों को न्याय दिलाएंगे
रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान ने कहा कि अगर हमें सत्ता मिली तो किसी से बदला नहीं लेंगे, बल्कि इंसाफ करेंगे और लोगों को न्याय दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि बदले की भावना से काम करने वाले निहायती नालायक और जालिम लोग होते हैं। आजम खान रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मुलायम सिंह यादव की तस्वीर पर फूल चढ़ाए। आजम खान ने कहा कि एक अजीम शख्सियत के जन्म की खुशी और उनके इस दुनिया से चले जाने का गम लाजिमी है। अब अल्लाह और वाहेगुरु से दुआ करनी चाहिए कि आने वाला कल गुजरे हुए कल से अलग हो। आजम खान ने अपने ऊपर हुए जुल्म और राजनीतिक विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि हम बदले की भावना से काम नहीं करेंगे। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आप दुआ करिए कि हालात बदलें, परिवर्तन हो और समाजवादी लोगों को सत्ता मिले। जो लोग वास्तव में दुखी हैं, वे भी बदलाव के लिए तैयार हों। किसानों और मजदूरों की आत्महत्या का किया जिक्र आजम खान ने किसानों और मजदूरों की आत्महत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अगर अन्न पैदा करने वाला ही नहीं रहेगा तो देश का अन्नदाता कौन होगा। उन्होंने कहा कि आज हिंदुस्तान में सैकड़ों की तादाद में लोग आत्महत्या कर रहे हैं। जेल में रहने के दौरान अखबारों में गाजियाबाद की डासना जेल से जुड़ी खबरें पढ़ने का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पढ़ने-लिखने वाली IIT की बेटियों की मौत की खबरें आती थीं। उनके पास मिले सुसाइड पत्रों में पढ़ाई और पिता के सपने पूरे नहीं कर पाने की पीड़ा लिखी होती थी। आजम खान ने कहा कि हमने अपनी सियासत जहां से शुरू की थी, आज भी वहीं खड़े हैं। चौधरी चरण सिंह के जमाने से लेकर आज तक हमारा रास्ता नहीं बदला। उन्होंने कहा कि हमारे सामने कभी हिंदू-मुस्लिम का सवाल नहीं रहा, लेकिन आज ऐसे हालात बन रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि हम मरना पसंद करेंगे, लेकिन अपने आप से जुदा होना पसंद नहीं करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)