देव दीपावली पर काशी में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था:24 नवंबर को दोपहर 1 बजे से लागू होगा डायवर्जन, भारी वाहनों की एंट्री बंद
कार्तिक पूर्णिमा स्नान और विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली का पावन पर्व आगामी 24 नवंबर 2026 को काशी में पूरे हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अलौकिक उत्सव के साक्षी बनने और गंगा स्नान के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं व पर्यटकों के गंगा तट पर उमड़ने की संभावना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिविशिष्ट अतिथियों (वीआईपी) के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट यातायात पुलिस ने सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह विशेष यातायात व्यवस्था 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे से प्रभावी हो जाएगी। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, रिंग रोड से होगा संचालन
यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे से शहर की सीमा में सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों, रोडवेज व प्राइवेट बसों तथा टेम्पो ट्रेवलर का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन सभी वाहनों का संचालन वैकल्पिक मार्ग के रूप में रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) के माध्यम से कराया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए काशी डिपो और कैंट बस स्टेशन से संचालित होने वाली बसें दोपहर 1 बजे से संध्या, हरहुआ स्थित अस्थायी बस स्टेशन से चलाई जाएंगी। हालांकि, आकस्मिक सेवाओं से जुड़ी एम्बुलेंस, वैध पास धारक वाहन और नमो घाट पार्किंग तक जाने वाले अधिकृत वाहनों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा 'नो-व्हीकल जोन' और पैदल संचालन क्षेत्र
घाटों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शहर के 10 प्रमुख क्षेत्रों को पूरी तरह 'पैदल संचालन क्षेत्र' घोषित किया गया है। इनमें मैदागिन से बुलानाला होते हुए गोदौलिया तक, थाना लक्सा से रामापुरा तक, और अग्रवाल तिराहा से अस्सी, रविदास घाट होते हुए नगवा चौराहा तक का मार्ग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अतिरिक्त, बहादुरपुर से पड़ाव, रामनगर चौराहा से टेंगरा मोड़ तक का पूरा क्षेत्र 'नो-व्हीकल जोन' रहेगा। जहां केवल पैदल आवागमन की ही अनुमति होगी। सुरक्षा कारणों से पड़ाव से वाया राजघाट पुल होकर नमो घाट की तरफ पैदल और वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं, वाराणसी नगर से रामनगर जाने के लिए सामने घाट पुल पर केवल दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों को ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी। 57 स्थानों पर बनाई गई पार्किंग, रामनगर में भी विशेष इंतजाम
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने के लिए यातायात पुलिस ने पूरे शहर में 57 अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। विशेष रूप से गंगा पार रामनगर क्षेत्र में आने वाले दर्शनार्थियों के लिए दुर्गामंदिर मैदान, रामबाग, पंचवटी मैदान और लंका मैदान को प्रमुख पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की अपील और हेल्पलाइन नंबर जारी
वाराणसी यातायात पुलिस ने समस्त श्रद्धालुओं, पर्यटकों और शहरवासियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही निजी वाहन लेकर घर से निकलें। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी समस्या, जाम या मार्ग की जानकारी के लिए आम नागरिक सीधे यातायात पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए प्रशासन द्वारा ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर +91 7839856994 और ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर +91 7317202020 जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)