आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, अंतर्जनपदीय बदमाश समेत तीन गिरफ्तार:बैंक से रुपये निकालने और जमा करने वालों को बनाते थे निशाना, छह जिलों में दर्ज हैं 18 मुकदमे

Nov 25, 2026 - 09:38
0
आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, अंतर्जनपदीय बदमाश समेत तीन गिरफ्तार:बैंक से रुपये निकालने और जमा करने वालों को बनाते थे निशाना, छह जिलों में दर्ज हैं 18 मुकदमे
आजमगढ़ बैंक में रुपये जमा करने या निकालने जाने वाले लोगों को मदद का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का जीयनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बुधवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गिरोह का सरगना अमित साहनी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों शिवा साहनी और सुनील साहनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से टप्पेबाजी के 19,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। क्षेत्राधिकारी सगड़ी देशराज सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्त देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के मलाह टोली के रहने वाले हैं। 6 जिलों में दर्ज है 18 मुकदमे क्षेत्राधिकारी देशराज सिंह ने बताया कि बदमाशों के खिलाफ आजमगढ़, देवरिया, बुलंदशहर, कुशीनगर, गोरखपुर और महराजगंज सहित छह जिलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। जीयनपुर थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी की दो घटनाएं हुई थीं। पहली घटना 10 अगस्त 2026 की है। धर्मराज चौहान बड़ौदा यूपी बैंक, अजमतगढ़ में रुपये जमा करने पहुंचे थे। जमा पर्ची भरने में असमर्थता जताने पर दो लोगों ने मदद करने का झांसा देकर उन्हें विश्वास में लिया और शंकर जी की मूर्ति के पास ले जाकर उनसे 74 हजार रुपये ले लिए। इसके बदले उन्हें कागज की गड्डी थमा दी गई थी। दूसरी घटना 29 अक्टूबर 2026 की है। आशीष कुमार की बुजुर्ग बुआ भारतीय बैंक, जीयनपुर से 49 हजार रुपये निकालकर जा रही थीं। इसी दौरान तीन लोगों ने उन्हें बातचीत में उलझाकर उनका बैग बदल दिया और उसमें रखे रुपये लेकर फरार हो गए। दोनों घटनाओं में कुल 1.23 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस संबंध में जीयनपुर थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में बुधवार 25 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे जीयनपुर पुलिस महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद एक बदमाश बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की दाहिनी कनपटी के पास से गुजर गई। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त अमित साहनी के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, पुलिस टीम ने मौके से उसके दोनों साथियों शिवा साहनी और सुनील साहनी को गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। ऐसे देते थे टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य बैंक के अंदर और बाहर नकदी लेकर आने-जाने वाले लोगों की रेकी करते थे। इसके बाद उन्हें बातचीत में उलझाकर मदद करने या अधिक रुपये देने का लालच देकर विश्वास में लेते थे। मौका मिलते ही उनके असली रुपये लेकर बदले में कागज की गड्डी थमा देते थे और फरार हो जाते थे। यह गिरोह अलग-अलग जनपदों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User