बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की:कौशांबी में शादी का विरोध करने पर ईंट से वार कर मार डाला, दोनों गिरफ्तार
कौशांबी के रसूलपुर गिरसा गांव में मां की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी बेटी और बेटी के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मां इस रिश्ते से शादी कराने को तैयार नहीं थीं।
मृतका की पहचान 55 वर्षीय राजमती के रूप में हुई है। मामला कोखराज थाना क्षेत्र का है। शुक्रवार रात उनके पति गिरधारी लाल सरोज चारों बेटियों और दामाद के साथ भरवारी का दशहरा मेला देखने गए थे। राजमती घर में अकेली थीं।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी दिलीप घर में घुसा और ईंट से राजमती के सिर पर वार किया। रात करीब 10 बजे परिजन लौटे तो आंगन में उनका शव मिला।
अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि राजमती की छोटी बेटी का प्रेम प्रसंग उसकी बड़ी बहन के देवर दिलीप से था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन राजमती इस रिश्ते के खिलाफ थीं। पुलिस के मुताबिक, इसी वजह से बेटी ने दिलीप के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
जांच में सामने आया कि बेटी फोन पर दिलीप को घरवालों की लोकेशन बताती रही। वह हत्या से पहले और बाद में भी उसके संपर्क में थी। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार शाम उन्हें जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)