भाई दूज पर फर्रुखाबाद बस स्टैंड पर भीड़ उमड़ी:हरदोई-एटा की बसों के लिए इंतजार, सीट पाने को दौड़े यात्री
फर्रुखाबाद में भाई दूज पर रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। हरदोई और एटा जाने वाले यात्रियों को बसों के लिए इंतजार करना पड़ा। बुधवार शाम 4 बजे बस जाने की घोषणा होते ही यात्री सीट पाने के लिए उसकी ओर दौड़ पड़े। इस दौरान बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। बुधवार सुबह से ही बस स्टैंड पर छोटे और लंबे रूट पर जाने वाले यात्रियों की भीड़ जुटने लगी थी। शाम 4 बजे तक भी हरदोई और एटा जाने वाले यात्री बसों का इंतजार कर रहे थे। बस पहुंचते ही सीट पाने के लिए धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ यात्री बच्चों को खिड़की के रास्ते बस में चढ़ाकर सीट पर कब्जा करने की कोशिश करते दिखे। इस तरह बच्चों को बस में चढ़ाने से उनकी सुरक्षा को खतरा हो सकता था। वहीं, बस स्टैंड से कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ी निजी बसों में भी यात्रियों को बैठाया जा रहा था। यात्रियों ने आरोप लगाया कि निजी बसों में मनमाना किराया वसूला जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बस स्टैंड पर पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी तैनात रहे। वे भीड़ पर नजर रखने के साथ यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रख रहे थे। देखें, 3 तस्वीरें… सुरेश चंद्र ने बताया कि उन्हें हरदोई जाना है। वह पिछले 2 घंटे से रोडवेज बस स्टैंड पर खड़े हैं, लेकिन अब तक बस नहीं मिली है। गौरव ने बताया कि उन्हें बरेली जाना है। उन्होंने जनरथ बस में रिजर्वेशन भी कराया था। इसके बावजूद 2 घंटे से बस स्टैंड पर इंतजार कर रहे हैं। बस का निर्धारित समय निकल चुका है। पूछताछ करने पर बताया गया कि बस जाम में फंसी है। बरेली जाने के लिए कोई दूसरी बस भी उपलब्ध नहीं है।
जितेंद्र राठौर ने बताया कि उन्हें सांडी जाना है। वह पिछले 1 घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बसों के बारे में बार-बार अलग-अलग जानकारी दी जा रही है। पहले बताया गया कि फर्रुखाबाद डिपो की बस हरदोई जाएगी। यात्री उसमें बैठ गए तो बताया गया कि बस अब एटा जाएगी। ऐसे में यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह भटकना पड़ रहा है। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि फर्रुखाबाद डिपो की 116 बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित हो रही हैं। जिस रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक होती है, वहां बस भेज दी जाती है। उन्होंने बताया कि एटा और हरदोई मार्ग पर समस्या आ रही है। जानकारी मिली है कि दोनों तरफ जाम लगा हुआ है, जिसके कारण बसें समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)