भगत सिंह पार्क की बदहाली, गलत जन्मतिथि पर छात्र नाराज:सोमवार को डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन, बोले- शराब की दुकान से पार्क बना शराबियों का अड्डा

Sep 27, 2026 - 15:51
0
भगत सिंह पार्क की बदहाली, गलत जन्मतिथि पर छात्र नाराज:सोमवार को डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन, बोले- शराब की दुकान से पार्क बना शराबियों का अड्डा
मिर्जापुर। सिविल लाइन स्थित शहीद- ए-आजम भगत सिंह पार्क की बदहाली को लेकर छात्र नेताओं ने आक्रोश जताया है। पार्क परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर जन्मतिथि 28 सितंबर की बजाय 5 अक्टूबर गलत लिखा है। छात्र नेताओं का आरोप है कि प्रतिमा के आसपास शराब की दुकान और चिकन-चकना की दुकानें संचालित होने से वहां नशा करने वालों का जमावड़ा बना रहता है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र नेता दिव्यांश अवस्थी और केबीपीजी कॉलेज के छात्र नेता श्रेयस पांडेय ने कहा कि जिस स्थान पर देश के महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित है, उसके आसपास नशे का माहौल होना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा पर जन्मतिथि गलत अंकित होना ऐतिहासिक तथ्यों और शहीद के सम्मान से जुड़ा मामला है। छात्र नेताओं के अनुसार, सोमवार को शहीद भगत सिंह के जन्मोत्सव के अवसर पर वह जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें प्रतिमा पर अंकित जन्मतिथि तत्काल सही कराने, पार्क की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा आसपास संचालित शराब की दुकान और अन्य गतिविधियों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। कहा कि अपमान स्थल से शराब की दुकान या मूर्ति हटाई जाय। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि शहीद भगत सिंह के सम्मान और सार्वजनिक स्थल की गरिमा बनाए रखने के लिए है। छात्र नेताओं ने कहा कि ज्ञापन के बाद भी यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय नागरिकों और युवाओं के साथ लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा और भगत सिंह की प्रतिमा व पार्क की गरिमा हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User