बलिया कोर्ट ने तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक को जमानत दी:25 हजार रुपए के मुचलके पर रिहा, कोर्ट में पेश न होने पर जारी हुआ था NBW
बलिया की सीजेएम अदालत ने गुरुवार को तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह को जमानत दे दी। अदालत ने 25 हजार रुपए के मुचलके और इतनी ही राशि के एक जमानतदार पर रिहा करने का आदेश दिया। मामला अधिवक्ता गणेशानंद मिश्र बनाम संजय सिंह से जुड़ा है। अदालत में पेश नहीं होने पर संजय सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था। गुरुवार को वे अदालत में पेश हुए। इसके बाद गणेशानंद मिश्र और संजय सिंह के वकील ने जमानत अर्जी पर बहस की। संजय सिंह की ओर से कहा गया कि उन्हें मुकदमे की जानकारी NBW से हुई। वे लोक सेवक हैं और विभागीय कामों के साथ त्योहारों में ड्यूटी के कारण अदालत में पेश नहीं हो पा रहे थे। उन्होंने जमानत पर रिहा करने की मांग की। परिवादी ने जमानत अर्जी का विरोध किया। उनका कहना था कि संजय सिंह के अदालत में पेश नहीं होने से न्यायिक प्रक्रिया पर असर पड़ा। उनके खिलाफ NBW और वेतन रोकने जैसे आदेश जारी किए जा चुके हैं। अदालत ने NBW की तामील के लिए आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी को पत्र भेजा था। डीआईजी ने आजमगढ़ के एसपी को संजय सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने का आदेश दिया था। संजय सिंह उस समय आजमगढ़ में एसएचओ के पद पर तैनात थे। परिवादी ने संजय सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने और पत्रावली देखने के बाद जमानत का आदेश दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)