बलिया में 30 नवंबर को रोजगार मेला लगेगा:20 से ज्यादा कंपनियां करेंगी भर्ती; डीएम ने युवाओं से भाग लेने की अपील की
बलिया में 30 नवंबर 2026 को वृहद रोजगार मेला लगेगा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत इसका आयोजन विधानसभा क्षेत्र बलिया नगर में किया जाएगा। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने युवाओं से मेले में शामिल होकर रोजगार का अवसर प्राप्त करने की अपील की है। मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (गवर्नमेंट आईटीआई), रामपुर उदयभान में सुबह 10 बजे शुरू होगा। डीएम ने बताया कि मेले में 20 से अधिक कंपनियां और नियोक्ता अलग-अलग पदों पर युवाओं का निशुल्क चयन करेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश परिवहन निगम बलिया डिपो, प्रमोकाश आउटसोर्सिंग सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, अतुल ऑटो, फ्लिपकार्ट, केल्विन पाइप, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिक, विशाल वेयरिंग, टाटा मोटर्स, एलएंडटी, उत्कर्ष बैंक, क्वेस कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड, एमआरएफ टायर्स, हिंडाल्को रेनुकूट और सुब्रोस समेत अन्य कंपनियां शामिल होंगी। 15,500 से 35 हजार रुपए तक मिलेगा वेतन भर्ती संविदा बस चालक, कैशियर, सुरक्षा गार्ड, ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर और टेक्नीशियन के पदों पर होगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 15,500 से 35,000 रुपए प्रतिमाह तक सीटीसी मिलेगा। आठवीं पास से परास्नातक तक कर सकेंगे आवेदन अकुशल श्रमिकों के साथ आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और कौशल प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी भी मेले में भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल https://rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर अपनी योग्यता के अनुसार कंपनियों में आवेदन करना होगा। अभ्यर्थियों को 30 नवंबर को सुबह 10 बजे राजकीय आईटीआई, रामपुर उदयभान में शैक्षिक और अन्य जरूरी प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति के साथ पहुंचना होगा। मेले में शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि, आने-जाने का खर्च नहीं दिया जाएगा। कंपनियों की रिक्तियों की जानकारी रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 या जिला सेवायोजन कार्यालय, बलिया से संपर्क कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)