बलरामपुर में आंधी-बारिश से 7 लोगों की मौत:26-27 सितंबर को पेड़, दीवार, टीनशेड गिरने से 2 घायल; 2 की गोण्डा में जान गई
बलरामपुर में बीते 26 और 27 सितंबर को हुई तेज बारिश और आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई।तेज हवाओं के बीच कहीं पेड़ धराशायी हुए तो कहीं कच्ची-पक्की दीवारें और टीनशेड भरभराकर गिर पड़े। इन हादसों में उपलब्ध प्रशासनिक सूचना के मुताबिक बलरामपुर जिले के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में कई लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। वहीं, बलरामपुर के दो ग्रामीणों की गोण्डा जिले में पेड़ गिरने से मौत की भी सूचना है। प्रशासन की ओर से जारी क्षति संबंधी सूचना के अनुसार 26 और 27 सितंबर 2026 की दोपहर तक जिले में आंधी-तूफान से हुए हादसों में जनहानि दर्ज की गई है। बलरामपुर तहसील क्षेत्र के गंगापुर वीरपुर गांव में पेड़ गिरने से प्रानचती (66) पत्नी पाटेश्वरी की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। इसी तहसील क्षेत्र के कलन्दरपुर गांव में दीवार गिरने से चम्पा देवी पत्नी राघवराम और प्रेमनरायन पुत्र राघवराम की मौत हो गई। वहीं हरैया सतघरवा में टीनशेड गिरने से मुन्नी देवी पत्नी सीताराम की जान चली गई। तुलसीपुर तहसील क्षेत्र में भी आंधी-तूफान का कहर देखने को मिला। पेड़ गिरने की घटना में विनोद पुत्र घनश्याम, निवासी हरहटा गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी क्षेत्र में रागपाल यादव (53) पुत्र स्वर्गीय दुलारे यादव निवासी मोतीनगर बरगदवा पेड़ गिरने से घायल हुए हैं। उनका उपचार चल रहा है। उतरौला तहसील क्षेत्र में भी तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत की सूचना है।पचौथा गांव निवासी संदीप पुत्र स्वामीनाथ की पेड़ गिरने से मौत हो गई। जिगना गांव निवासी रेनू पत्नी रामउजागर की भी पेड़ गिरने से मृत्यु हो गई।लगातार तेज हवाओं और बारिश के बीच पेड़ों के गिरने से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल रहा। प्रशासनिक रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि बलरामपुर तहसील के सकड़रिया गांव निवासी खालिद रजा पुत्र मोहम्मद हासिम और इमरान पुत्र अब्दुल अजीज की गोण्डा जिले के बाबागंज तहसील क्षेत्र में पेड़ गिरने से मौत हो गई।दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए गोण्डा स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेजे गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)