चंदौसी में 29 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद की जनसभा:सियासी हलचल तेज, कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे
सम्भल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सम्भल जिले में सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। आजाद समाज पार्टी ने भी चन्दौसी विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद 29 सितंबर को चन्दौसी विधानसभा क्षेत्र के सम्भल तिराहे पर चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव संपर्क अभियान शुरू कर दिया है। रविवार को दोपहर 12 बजे आजाद समाज पार्टी के चन्दौसी विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी रमेश कुमार गन्धर्व के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर 29 सितंबर को होने वाली जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को चंद्रशेखर आजाद के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जनसभा में शामिल होने का आह्वान किया। रमेश कुमार गन्धर्व ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पहली बार सम्भल में चुनावी जनसभा को संबोधित करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद सभी समाजों के अधिकारों और हिस्सेदारी के मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि 29 सितंबर को सम्भल तिराहे पर पहुंचकर उनके विचारों को सुनें। गांव-गांव संपर्क अभियान रहेगा जारी चन्दौसी विधानसभा क्षेत्र में होने वाली जनसभा को आजाद समाज पार्टी के स्थानीय चुनावी अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क कर संगठन को मजबूत करने और लोगों तक पार्टी का संदेश पहुंचाने में जुटे हैं। जनसभा के बहाने सम्भल जिले में आजाद समाज पार्टी अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। चन्दौसी विधानसभा क्षेत्र में होने वाले इस आयोजन पर स्थानीय राजनीतिक हलकों की भी नजर है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जनसभा में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आगामी दिनों में भी गांव-गांव संपर्क अभियान जारी रहेगा और लोगों को जनसभा की जानकारी देकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)