हरदोई में बारिश के दौरान कच्चा मकान ढहा:एक व्यक्ति और दो मवेशियों की दबकर मौत, सोते समय हुआ हादसा

Sep 27, 2026 - 14:45
0
हरदोई में बारिश के दौरान कच्चा मकान ढहा:एक व्यक्ति और दो मवेशियों की दबकर मौत, सोते समय हुआ हादसा
हरदोई जनपद के सुरसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां आधी रात को बारिश के दौरान अचानक एक कच्चा मकान भरभरा कर ढह गया। इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना में मकान के मलबे में दबकर 50 वर्षीय अधेड़ और उसके दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात करीब 2:00 बजे की है। जानकारी के अनुसार, सुरसा थाने के उम्मरपुरवा मजरा खजुरहरा निवासी 50 वर्षीय मकरंद पुत्र शिवलाल शनिवार की रात अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। उनके ठीक पास उनके दो मवेशी बंधे हुए थे। रात करीब दो बजे अचानक हो रही बारिश के बीच उनका कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त मकरंद और दोनों मवेशी मलबे की चपेट में आ गए। ​मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत और आपसी मदद से मलबा हटाकर मकरंद और मवेशियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मलबे में दम घुटने और चोट लगने के कारण मकरंद तथा दोनों मवेशियों की मौत हो चुकी थी। ​बताया गया कि मकरंद अविवाहित थे और वह अपनी चार बहनों—कमला, लक्ष्मी, सोनेश्री और सुशीला के इकलौते भाई थे। सुशीला के पति मुकेश (निवासी इमलीपुरवा, थाना बघौली) अपनी ससुराल उम्मरपुरवा में ही रहते हैं। उन्होंने ही इस पूरी घटना की सूचना पुलिस को दी। इकलौते भाई की इस तरह अचानक हुई मौत से बहनों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासनिक टीम ने स्थिति का जायजा लेते हुए मलबे और नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User