कानपुर में अटल घाट की तर्ज पर संवरेगा सरसैया घाट:कार्तिक पूर्णिमा से पहले सफाई-लाइटिंग का इंतजाम, नगर आयुक्त ने परखी तैयारियां

Nov 23, 2026 - 19:16
0
कानपुर में अटल घाट की तर्ज पर संवरेगा सरसैया घाट:कार्तिक पूर्णिमा से पहले सफाई-लाइटिंग का इंतजाम, नगर आयुक्त ने परखी तैयारियां
कानपुर में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर गंगा घाटों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार को परमट और सरसैयाघाट का निरीक्षण कर सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। सरसैयाघाट को अटल घाट की तर्ज पर विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया। यहां महिलाओं के लिए फिलहाल 8 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। नगर आयुक्त ने परखी तैयारियां नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ परमट घाट से निरीक्षण की शुरुआत की। यहां आनंदेश्वर मंदिर में दर्शन और गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रास्तों में कहीं भी गड्ढे नहीं होने चाहिए। घाट और मंदिर परिसर के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ उच्चस्तरीय सफाई कराई जाए। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी समय से पूरी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। घाट पर महिलाओं के लिए 8 चेंजिंग रूम बनाए इसके बाद नगर आयुक्त सरसैयाघाट निरीक्षण करने पहुंचे। यहां घाट समिति के पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। घाट पर महिलाओं के लिए 8 चेंजिंग रूम बनाए जाने की जानकारी दी गई। इस पर उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में महिलाएं स्नान के लिए पहुंचेंगी। ऐसे में घाट समिति से बातचीत कर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त चेंजिंग रूम भी बनवाए जाएं। सीढ़ियों और टीनशेड पर लगेंगी सजावटी लाइटें सरसैयाघाट पर प्रकाश व्यवस्था को लेकर नगर निगम अस्थायी डेकोरेटिव पोल लगवा रहा है। घाट समिति ने सीढ़ियों पर भी रोशनी और सजावट कराने का सुझाव दिया। इस पर नगर आयुक्त ने टीनशेड पर झालर और पोल पर सजावटी लाइटें लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई। तत्काल 15 सफाईकर्मियों की टीम लगाकर घाट की सफाई कराने और मंगलवार सुबह स्नान शुरू होने से पहले कम से कम 20 कर्मचारियों की तैनाती करने को कहा। घाट के साथ संपर्क मार्ग की भी सफाई कराई जाएगी। कार्तिक पूर्णिमा पर परमट-सरसैयाघाट पर उमड़ेगी भीड़ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा किनारे रेती पर बने पाथवे को और चौड़ा करने के निर्देश दिए। साथ ही लकड़ी के अस्थायी पुल को व्यवस्थित कराने को कहा, ताकि भीड़ के दौरान आवागमन में दिक्कत न हो। घाट पर रखे पानी के दोनों टैंकरों को भी अलग-अलग स्थानों पर खड़ा करने के निर्देश दिए, जिससे रास्ता खाली रहे। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए एक अतिरिक्त शौचालय निर्माण की कार्ययोजना बनाने को भी कहा। अटल घाट की तर्ज पर बदलेगी सरसैयाघाट की सूरत सरसैयाघाट समिति के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त से घाट का नए सिरे से सौंदर्यीकरण कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि यह कानपुर का सबसे पुराना और ऐतिहासिक घाट है। नमामि गंगे योजना के तहत पहले इसका सौंदर्यीकरण कराया गया था, लेकिन अब इसे अटल घाट की तर्ज पर विकसित करने की जरूरत है। इस पर नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता को सरसैयाघाट के कायाकल्प की कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। घाट पर बने बड़े गोल चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए भी अलग से योजना बनाने को कहा। ग्रीनपार्क से घंटाघर तक सीएम ग्रिड का निरीक्षण नगर आयुक्त ने इसके बाद जोन-1 में सीएम ग्रिड योजना के तहत ग्रीनपार्क से परेड होते हुए मूलगंज घंटाघर तक चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। परमट चौराहे के दोनों तरफ चल रहे काम की प्रगति देखी। अधिकारियों ने बताया कि एक तरफ सीवर कनेक्शन का काम पूरा हो चुका है, जबकि दूसरी तरफ कुछ हिस्सा बाकी है। बीच में बने चैंबर से डिस्चार्ज प्वाइंट को जोड़ने में तकनीकी दिक्कत आ रही है। इस पर नगर आयुक्त ने काम तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंगलवार को दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User